दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातक और स्नातकोत्तर के तीन लाख से अधिक परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम यहां के अधिकारियों की शिथिलता के कारण अब तक जारी नहीं किए जा सके हैं।
परीक्षा परिणाम जारी करने को लेकर छह मई को विश्वविद्यालय के अधिकारियों की विशेष बैठक बुलाई गई थी। इसमें पुरानी डाटा कंपनी द्वारा परीक्षार्थियों के तीन सत्रों की डाटा नहीं देने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया था।
छह मई को ही लंबित परीक्षा परिणाम को लेकर कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंंह ने बताया था कि पुरानी डाटा कंपनी परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। डाटा कंपनी कई सत्रों के परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम संबंधित डाटा को लेकर बैठी हुई थी। कंपनी को बकाया भुगतान भी किया जा रहा है।
इसके बाद भी कंपनी डाटा देने को तैयार नहीं है। परीक्षार्थियों के भविष्य को देखते लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने के लिए विकल्प की तलाश की जा रही है। सप्ताहभर में सभी लंबित परीक्षा परिणाम को जारी करने की दिशा में युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है।
लेकिन कुलपति के आदेश के 10 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक रिजल्ट प्रकाशित नहीं किया जा सका है। इधर परीक्षा नियंत्रक प्रो. आनंद मोहन मिश्रा ने बताया कि मई माह के अंत तक लंबित परीक्षा परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।

