बॉलिवुड के दिग्गज ऐक्टर कादर खान का 81 साल की उम्र में निधन हो गया है। हालत गंभीर होने पर उन्हें कुछ ही दिन पहले अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने के बाद वेंटिलेटर (BIPAP) पर रखा गया था। उनका इलाज कनाडा के एक अस्पताल में चल रहा था। कादर खान को आखिरी बार 2015 में आई फिल्म ‘दिमाग का दही’ में देखा गया था।
कादर खान के बेटे सरफराज ने पीटीआई से हुई बातचीत में इस बारे में जानकारी दी। सरफराज ने बताया, ‘मेरे पिता हमें छोड़कर चले गए। उन्होंने 31 दिसंबर को शाम 6 बजे (स्थानीय समयानुसार) अंतिम सांस ली।’ उन्होंने बताया कि कादर खान दोपहर में ही कोमा में चले गए थे। दिवंगत अभिनेता का अंतिम संस्कार कनाडा में ही किया जाएगा। सरफराज ने कहा, ‘हमारे परिवार के सभी सदस्य यहां हैं और हम यहीं रहते हैं इसीलिए हमने यहीं अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है।’
कादर खान को प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लीयर पाल्सी डिसऑर्डर था, जिसके कारण उनके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था। उनकी हालत के बारे में जानकारी मिलने पर फैन्स से लेकर फिल्म सितारे कादर खान के ठीक होने की दुआ कर रहे थे। बता दें कि, दो दिन पहले भी कादर खान के निधन की खबरें आईं थी, हालांकि तब इन खबरों को सरफराज खान ने गलत बताया था।