पटना। मानसून में भारत में दस्तक दे दी है। तीखी धूप और उमस से परेशान लोगों को राहत की उम्मीद जगी है। मानसून फिलहाल अंडमान-निकोबार में एंट्री की है। इसके बाद मानसून बंगाल की खाड़ी से गुजरते हुए भारत की मुख्य भूमि तक पहुंचेगा।
बिहार के लोग इस बात के इंतजार में है कि मानसून का असर उनके यहां कब तक दिखेगा। बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मई के महीने में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, लेकिन यह बारिश मानसून से पहले की है।
कुछ दिनों पहले तक उम्मीद जताई जा रही थी कि पिछले साल की तरह इस बार भी मानसून वक्त से पहले बिहार पहुंच सकता है। मानसून के बिहार आने का औसत समय जून महीने का मध्य हिस्सा है। अमूमन 15 जून के आसपास मानसून बिहार में प्रवेश कर जाता है, जो अगस्त-सितंबर तक राज्य में बारिश कराता है।
वर्ष 2021 में बिहार के लोगों को मानसून का अधिक इंतजार नहीं करना पड़ा था। दरअसल, पिछले साल अप्रैल महीने से ही अलग-अलग चक्रवातों के कारण बिहार में बारिश होती ही रह गई। पिछले साल प्री-मानसून में बिहार में अच्छी बारिश हो गई थी। लोगों को लू की तपिश झेलने का मौका ही नहीं मिला और जून के दूसरे हफ्ते की शुरुआत में ही मानसून की बारिश शुरू हो गई थी।
वर्ष 2021 में मानसून का बिहार में आगमन 11 जून को जबकि वर्ष 2019 में 12 जून को हुआ था। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के एक्सपर्ट ने पिछले हफ्ते दावा किया था कि इस वर्ष अगर मौसम में कोई बड़ी हलचल नहीं होती है, तो आठ से 10 जून के बीच भी मानसून बिहार में कदम रख सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह पिछले वर्षों के मुकाबले काफी पहले होगा। आपको बता दें कि मानसून के 27 मई तक केरल में दस्तक देने के आसार हैं।
