पटना। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) में बीमा दावा भुगतान की आड़ में करोड़ों रुपये की हे’राफे’री हुई है। मामला कई शाखाओं से जुड़ा है। पहले चरण में तीन शाखा तक जांच की आंच पहुंची है। सर्वाधिक हेराफेरी एलआइसी की गोपालगंज शाखा में हुई है। उसके साथ जांच के दायरे में मुजफ्फरपुर और कानपुर की शाखाएं भी हैं।
आंतरिक जांच में अभी तक तीन करोड़ से अधिक के भुगतान में हेराफेरी का मामला उजागर हुआ है। अब मामला सीबीआइ (केंद्रीय जांच ब्यूरो) को सौंपने की तैयारी है। हेराफेरी करने वाला सहायक प्रशासनिक अधिकारी सतीश कुमार वर्तमान में कानपुर में एमजी रोड शाखा में कार्यरत है।
सतीश ने कई सहयोगियों के इंप्लाय कोड का गलत इस्तेमाल कर राशि का भुगतान टेंट हाउस संचालकों के खाते में कर दिया। इसके अलावा उसके द्वारा कई महिलाओं के बैंक खातों में राशि के भुगतान की भी पुष्टि हुई है।
सतीश ने बीमा दावा भुगतान गोपालगंज जिला के बीमाधारक के नामनी या उत्तराधिकारी के खाते में करने के बाद दूसरी बार मुजफ्फरपुर जिला में तुर्की, करजा, सरैया और पोखरैरा के विभिन्न बैंक खातों में किया है।
इसी तरह वैशाली जिला में लालगंज के अलावा कई बैंक शाखाओं में विभिन्न लोगों के खाते दो से पांच लाख रुपये तक का भुगतान कर दिया। इस प्रकरण में एलआइसी के मंडल प्रबंधक सुशांत पानीग्राही से मोबाइल नंबर, वाट्स-एप नंबर और संदेश के माध्यम से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
