मुजफ्फरपुर। बाजार में गेहूं, दलहन, तेलहन की नई उपज आने के बाद भी खाद्य सामग्री के दाम नहीं घट रहे हैं। गेहूं की सरकारी कीमत 2,015 रुपये प्रति क्विंटल हो जाने से दाम उससे नीचे जाना संभव नहीं।
बाजार में 2,200 रुपये क्विंटल गेहूं की बिक्री हो रही। आटा 24 से 27 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। विभिन्न कंपनियों के पैकेजिंग आटे की कीमत मिल के आटे से तीन से दस रुपये तक अधिक है।
रोहुआ के किसान रोशन कुमार कहते हैं इस बार गेहूं या उससे बने उत्पाद के दाम नहीं घटेंगे, क्योंकि डीजल और पेट्रोल के दाम में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
खाद के दाम बढ़ गए हैं। अब सरकारी रेट से नीचे जाना किसी किसान के लिए संभव नहीं। खाद्यान्न के दाम और बढ़ सकते हैं। उन्होंने तेलहन और दलहन को लेकर भी यही बातें कहीं।
बता दें 24 से 28 अप्रैल तक रिफाइन तेल पर दो-दो रुपये कर 10 रुपये बढ़ गए थे। हालांकि बाद में दाम फिर कम भी हो गए। अब 170 से 180 रुपये प्रति लीटर बिक्री हो रही है। मिर्च व मसाले पर भी 10 रुपये दाम बढ़ गए थे। 200 रुपये प्रतिकिलो बिक्री हो रही थी। अब 50 रुपये कम हुआ है। दलहन की कीमत में कमी आने की संभावना नहीं है।
