मुजफ्फरपुर : पड़ोसी देश नेपाल के गौर नगरपालिका क्षेत्र में मेयर पद पर नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत समाजवादी) के प्रत्याशी शंभू साह भारी मतों से विजयी हुये है। उन्होंने लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता को 2626 मतों से शिकस्त देकर मेयर का ताज अपने नाम करा लिया है।
विजयी शंभू साह को कुल 6381 मत प्राप्त हुये जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजय कुमार गुप्ता को 3755 मत प्राप्त हुये। तीसरे नंबर पर नेपाली कांग्रेस के मोहन कुमार यादव रहे जिन्हें कुल 3211 मत प्राप्त हुये है। मेयर पद के इस चुनाव में कुल 21 प्रत्याशी मैदान में थे। बाकी बचे 18 में कोई भी उम्मीदवार हजार से आंकड़े को पार नहीं कर पाया।
इस शानदार जीत पर नवनिर्वाचित मेयर शंभू साह के समर्थकों में खुशी की लहर है। इस दौरान शंभू साह के समर्थकों ने उनको मेयर चुने जाने पर फूलमाला पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया वहीं भगवान से मेयर की सफलता के लिए कामना की गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया।
वहीं शंभू साह ने मेयर चुने जाने पर गौर की जनता को ह्दय से बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद से गौर की जनता ने उन्हें चुना है उस पर शत-प्रतिशत खड़े उतरेंगे। उन्होंने गौर के धरोहर आइसमिल को खेलकूद के मैदान के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए शिक्षा स्तर में आई गिरावट को दुरूस्त करने की बात कही।
इसके अलावा लोगों को बेहतर व समुचित स्वास्थ्य सेवा के लिए अस्पतालों में सुधार कर स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरूस्त करने पर जोर दिया।
वहीं किसानों की समस्याओं को दूर करने के साथ फसलों की सिंचाई के लिए हरसंभव व्यवस्था करने व गौर में गरीबी को दूर करने के लिए भी सभी जरूरी कदम उठाने पर भी जोर दिया। गरीब लड़कियों की शादी के लिए कोष बनाकर हरसंभव सहायता करने की बात कही।
मेयर शंभू साह ने कहा कि उनके द्वारा जारी मेनीफेस्टो को एक महीने बाद से एक-एक कर पूरा किया जाएगा। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। इस मौके पर भारी संख्या में मेयर के समर्थक मौजूद रहे।







