मुजफ्फरपुर। शहर के विस्तारीकरण के प्रस्ताव के चौहद्दी में अंतर को लेकर नगर विकास विभाग की ओर से जताई गई आशंका को दूर करने के बाद नगर निगम ने बुधवार को फाइल जिलाधिकारी को सौंप दी है। वहीं निगम द्वारा सौंपी गई फाइल की समीक्षा को लेकर बैठक बुलाई गई है।


विभाग ने 28 दिसंबर 2021 एवं पांच जनवरी 2022 को अलग-अलग प्रारंभिक नोटिफिकेशन कर शहर विस्तारीकरण का निर्णय लिया था। इसके बाद लोगों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई थी। इस बीच 23 आपत्तियां आई, जिनकी सुनवाई करते हुए एडीएम की अध्यक्षता वाली प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने जिलाधिकारी को अंतिम रिपोर्ट सौंपी थी।

इसमें नए नगर निगम क्षेत्र के चौहद्दी के साथ सीमांकन किया गया था, लेकिन चौहद्दी में विभागीय स्तर पर कुछ भ्रम है। इस कारण विभाग ने तत्काल फाइल को वापस करते हुए जिला प्रशासन से 28 दिसंबर व 05 जनवरी को जो प्रारंभिक नोटिफिकेशन हुआ था
उसे एक साथ करते हुए स्पष्ट चौहद्दी के साथ सीमांकन करते हुए प्रतिवेदन देने को कहा था, जिसमें गांव, मौजा से लेकर थाना नंबर तक स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए यह कहा गया था।
