लीची की मार्केटिंग के लिए उद्यान विभाग ने खोला कंट्रोल रूम

मुजफ्फरपुर। उद्यान विभाग ने लीची की मार्केटिंग के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया है। यहां से किसान व व्यापारी संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सहायक निदेशक ने बताया कि कंट्रोल रूम के लिए मोबाइल नंबर 9431849100 जारी किया गया है। इस पर फोन कर 19 मई से 20 जून तक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। लीची उत्पादक किसान को हर स्तर पर मदद की जाएगी।

वहीं, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व उनके सहयोगियों को शाही लीची भेजने को लेकर बागों का चयन किया जा रहा है। इसको लेकर मीनापुर में तीन बागों मेें टीम गई थी। सहायक निदेशक उद्यान शंभू प्रसाद ने बताया कि मीनापुर नेउरा के देवानंद प्रसाद गुप्ता, मुस्तफागंज की मालती सिंह व मेथनपुरा के शंभू प्रसाद के बाग को देखा गया है।

टीम अगले दो दिनों में बंदरा, मुशहरी व बोचहां में बाग को देखने जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 तक बाग का चयन कर लिया जाएगा। 25 से 27 के बीच लीची को दिल्ली भेजा जाएगा।

नेपाल के बाजार में इस साल शाही लीची की धमक रहेगी। इसके लिए लीची खरीदने को एक दर्जन व्यापारी मीनापुर इलाके में पहुंचे। उद्यान रत्न किसान भोलानाथ झा ने कहा कि इन व्यापारियों ने उनसे बातचीत की है। भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने नेपाल से व्यापारियों के आने का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी पंहुचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के साथ भारत नेपाल सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने, शिक्षा क्षेत्र में सहयोग एवं पनबिजली क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के समझौते के बाद यह नई पहल है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.