बाल संसद की ओर से बनवाया गया पुस्कालय की अलग हैं पहचान, पढ़े पूरी खबर….

बेगूसराय। जिले के छौहाड़ी प्रखंड के डुमरी परोड़ा गांव के स्कूल में गठित बाल संसद की ओर से पुस्कालय खोल दिया गया। यह बच्चे बाल संसद के सदस्य है। इन्हीं में से बाल संसद के प्रधानमंत्री से लेकर मंत्री चुके गए है। मंत्रिपरिषद बनने के बाद सबसे पहले गांव में पुस्तकालय खोलने के लिए पहल की गई। बाल प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद जनसहयोग का मंत्र लेकर निकला और परिणाम यह हुआ कि देखते-देखते विद्यालय के एक कमरे को पुस्तकालय का आकार दे दिया।

केंद्र सरकार ने बेगूसराय को वर्ष 2019 में आकांक्षी जिले में शामिल कर लिया था। उसी साल नीति आयोग के शैक्षणिक कार्य के प्रभारी कमल शाह इस स्कूल में पहुंचे। उन्होंने बच्चों को कई उदाहरण देते हुए सामुदायिक सहभागिता के लिए भी प्रेरित किया।

यह बच्चों के लिए टर्निंग प्वाइंट था। उस समय डोमन चौधरी स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। बाल संसद के तत्कालीन प्रधानमंत्री रामप्रवेश, मीना मंच की मीना कुमारी और जीनत खातून के नेतृत्व में बच्चे समाज से सहायता लेने के लिए पहुंच गए।

पहला दान परोड़ा पंचायत के मुखिया के पति फूल हसन की ओर से मिला। उन्होंने पांच हजार नकद और एक अलमारी दिया। शुरुआत के महज 15 दिनों में 15 हजार की राशि और दर्जनों पुस्तकें दान में मिल गईं। एक नींव रखी गई थी और कड़ी दर कड़ी जुड़ते विद्यालय में आज एक समृद्ध पुस्तकालय है। अब तो ग्रामीण स्वयं पुस्तकें और पैसे दान में दे जाते है। इससे आसपास के विद्यालयों को भी प्रेरणा मिली और दर्जन भर विद्यालयों में सामाजिक सहयोग से पुस्तकालय स्थापित हो गया। जाना मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. फूल हसन ने बताया कि उनके यहां भी इससे प्रेरित होकर बच्चों ने सामाजिक सहयोग से रकम जुटाई और ईश्वरचंद विद्यासागर के नाम पर पुस्तकालय स्थापित कर दिया।

 

उत्क्रमित मध्य विद्यालय डुमरी परोड़ा विद्यालय के बाल संसद के प्रधानमंत्री अभी वर्ग आठ के छात्र संदीप कुमार एवं उप प्रधानमंत्री वर्ग सात की छात्रा रुखसाना खातून हैं। इन्होंने बताया कि पुस्तकालय का प्रभार विद्यालय के ही शिक्षक विद्यानंद चौरसिया एवं बाल संसद की पुस्तकालय अध्यक्ष आफरीन खातून और उप पुस्तकालय अध्यक्ष मीना कुमारी के पास है। शिक्षा मंत्री संतोष कुमार, उप शिक्षा मंत्री संजीता कुमारी, सांस्कृतिक एवं खेल मंत्री नीतीश कुमार इसमें सहयोग करते हैं। अब उन्हें किसी से पुस्तक मांगने की जरूरत नहीं पड़ती है। प्रभारी प्रधानाध्यापिका माधुरी कुमारी के अनुसार अलमारी की हर रैक महापुरुषों के नाम पर है। डा. राजेंद्र प्रसाद, डा. एपीजे अब्दुल कलाम, मौलाना अबुल कलाम आजाद, जाकिर हुसैन, सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीरों के साथ नाम अंकित है। यहां गोदान, गीतांजलि, पंचतंत्र आदि पुस्तकें हैं। एपीजे अब्दुल कलाम की आत्मकथा भी है। पुस्तकालय को आकर्षक बनाने के लिए पूर्व प्रधानाध्यापक डोमन चौधरी एवं शिक्षक मु. महताब आलम ने प्रकृति का चित्रांकन भी किया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दानी राय कहते हैं कि यह पुस्तकालय सामुदायिक प्रयास का बेहतरीन उदाहरण है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.