आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई, उपभोक्ता परेशान

मुजफ्फरपुर। जिले में गुरुवार की शाम आई तेज आंधी-बारिश में सभी इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। हालांकि उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। बेला पावर सब स्टेशन के सारे फीडर ठप हो गए।

बेला औद्योगिक क्षेत्र की सैकड़ों फैक्ट्रियां देर रात तक बिजली बिन बंद हो गईं। इसको लेकर उत्पादन पर भारी असर पड़ा। बेला औद्योगिक एरिया में तार टूटने और नारायणपुर, मुशहरी फीडर में पेड़ गिरने से समस्या आई।

 

रात साढ़े आठ बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। हालांकि बिजलीकर्मी इसे ठीक करने में लगे रहे। भगवानपुर पावर सब स्टेशन में आई खराबी के कारण सभी फीडरों की बिजली देर रात तक ठप रही। मिस्काट पावर सब स्टेशन एरिया के जिला स्कूल फीडर में देर रात तक बिजली नहीं आई।

 

रामदयालु में एक ट्रांसफार्मर के समीप डिश पंक्चर होने से आठ बजे के बाद बिजली दी गई। सकरा सबडिवीजन के महंत मनियारी में आंधी के बाद गई बिजली देर रात तक नहीं लौटी।

कांटी ग्रामीण इलाके में आंधी के बाद देर रात तक ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ता परेशान रहे। मीनापुर के धर्मपुर गांव के समीप 11 केवीए पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से देर रात तक आपूर्ति बाधित रही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.