बक्‍सर में जैसलमेर जैसी गर्मी, 15 जिलों में बारिश का अलर्ट

पटना। पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली पहले धूल भरी आंधी चली और फिर कुछ देर बाद हल्की बारिश हुई। इससे दक्षिण बिहार के अधिकतर जिलों में प्रचंड गर्मी से राहत मिली।

शाम में बादल छाए रहने से हवा में ठंडक रही। मौसम विज्ञानी आशीष कुमार की मानें तो वातावरण में नमी युक्त हवा का प्रवाह, तापमान में वृद्धि व मध्य बिहार से ट्रफ-रेखा गुजरने के कारण आंधी-बारिश हुई है।

राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां अब सक्रिय हो गई हैं। बीते कई दिनों से वायुमंडल के निचले स्तर पर पुरवा के प्रवाह से नमी की मात्रा में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में मानसून का प्रवेश हो गया है।

मौसम विज्ञानी की मानें तो पूर्व पश्चिम ट्रफ-रेख उत्तर पश्चिम उत्तरप्रदेश से उप हिमालयी पश्चिम बंगाल तक मध्य बिहार से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों के एक दो स्थानों पर बिजली के साथ मेघ गर्जन व हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

शनिवार से रविवार तक प्रदेश के सभी जिलों के एक या दो स्थानों पर बिजली चमकने के साथ मेघ गर्जन व हल्की बारिश के आसार हैं। इन सभी मौसमी प्रभाव को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.