मुजफ्फरपुर । बीते एक दशक से सरकारी फाइलों में ही शहर में पार्किंग का निर्माण हो रहा है। धरातल पर निर्माण कब होगा भगवान ही जानें। मजबूरी में लोग अपनी वाहनों को सड़कों पर पार्क कर रहे हैं। अवैध पार्किंग से सड़कें संकीर्ण हो जाती हैं। लोगों का पैदल चलना तक दूभर हो जाता है। इस वजह से जाम की समस्या भी होती है। बावजूद इसके प्रशासन की नींद नहीं खुल रही।
अधिकारी जमीन की जगह फाइलों में ही साल-दर-साल पार्किंग का निर्माण कर रहे हैं। नगर प्रबंधक ओमप्रकाश का कहना है कि, शहर में पार्किंग स्थल के निर्माण के लिए जगह की कमी है। पूर्व में चिह्नित स्थलों पर भी इतनी जगह नहीं है, जहां पार्किंग स्थल का निर्माण हो सके। नए सिरे से स्थान चिह्नित कर पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा।
जाम की समस्या से निपटने के लिए हर साल प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक होती है। जाम से निपटने को योजनाएं बनाई गईं। इनमें पार्किंग का निर्माण भी शामिल था। प्रशासनिक टीम ने दो-दो बार इसके लिए स्थलों का चयन भी किया, लेकिन चयनित स्थानों में से एक जगह भी पार्किंग का निर्माण नहीं हो सका।
वर्ष 2013 में तत्कालीन प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देश पर शहर में 21 स्थानों का चयन किया गया, लेकिन एक भी जगह पर योजना जमीनी हकीकत नहीं बन पाई। वर्ष 2016 में प्रशासनिक पहल के तहत दोबारा इसके लिए एक दर्जन स्थानों को चिह्नित किया गया, लेकिन परिणाम फिर वही ढाक के तीन पात।
कहीं भी पार्किंग का निर्माण नहीं हो सका। जगह के अभाव में शहरवासी सड़कों और फ्लाई ओवर पर अवैध रूप से वाहनों को खड़ी कर रहे हैं।
