एक महीने से फरार उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के दो दारोगा निलंबित

मुजफ्फरपुर। एक माह से अधिक दिनों से फरार चल रहे उत्पाद एवं मद्य निषेध के दो दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें शिवेंद्र कुमार व राजेश पटेल के नाम शामिल हैं। बताया गया कि शिकायत मिलने पर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने संज्ञान लिया था। इसके बाद उन्होंने आदेश जारी कर दोनों दारोगा को उपस्थित होने को कहा। बावजूद दोनों अब तक उपस्थित नहीं हो सके।

गुरुवार को शराबबंदी पर समाहरणालय में शराबबंदी पर तीन जिलों की समीक्षा बैठक में भी दोनों की तलाश की गई। फोन लगाया गया। इसके बावजूद दोनों नहीं आए। इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने दोनों को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

वहीं समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने कहा कि शराबबंदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। प्रतिबद्धता के साथ सतर्क होकर शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में और भी गंभीरता तथा सख्ती से कार्य करने की जरूरत है, ताकि शराब के अवैध व्यापार में शामिल तत्वों के मंसूबों को ध्वस्त किया जा सके।

शहरी क्षेत्रों में होम डिलीवरी के नेटवर्क को ध्वस्त करने को लेकर डीएम-एसएसपी को कड़े निर्देश दिए। कहा, होम डिलीवरी नहीं होने पाए इसके लिए प्रभावी कदम उठाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी स्तर पर शामिल लोगों को बख्शा नही जाएगा।

विशेषकर मुजफ्फरपुर शहरी क्षेत्र में गंभीरता पूर्वक कार्य करते हुए होम डिलीवरी के सप्लाई चेन को ध्वस्त करने की बात कही। देसी शराब के निर्माण को रोकने के लिए लगातार प्रभावी ढंग से छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। इसमें किसी भी तरह की कोताही पर संबंधित पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.