कोरोना जांच का लक्ष्य अधूरा, मुजफ्फ़रपुर के कटरा में मिले संक्रमित की हालत स्थिर

मुजफ्फ़रपुर। जिले में कोरोना का मरीज मिलने के बाद भी विभाग सजग नहीं है। स्वास्थ्य विभाग से लेकर दूसरे सार्वजनिक स्थल पर मास्क का उपयोग बाध्यकारी नहीं किया गया है। दूसरी ओर जिले में जो जांच का लक्ष्य है वह भी पूरा नहीं हो रहा है।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में जांच का लक्ष्य प्रतिदिन पांच हजार तय है। उसके बावजूद 2500- 2800 ही जांच हो रही है। सीएस ने इसपर नाराजगी जताते हुए लक्ष्य को पूरा करने का टास्क दिया है।

अभी रेलवे जंक्शन व बस पड़ाव तथा सदर अस्पताल में कोरोना की जांच चल रही है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कटरा में जो कोरोना संक्रमित मिला है वह दूसरे राज्य से नहीं आया है। वह स्थानीय बाजार व अपने इलाके के शादी समारोह में शामिल होता रहा है। नोडल जांच अधिकारी डा. उपेंद्र चौधरी ने बताया कि संक्रमित की हालत में सुधार है।

उसकी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं मिली है। संक्रमण उतना नहीं है। सतर्कता के लिए उसको होम आइसोलेशन में रहने का सुझाव दिया गया है।  जिले में आरटीपीसीआर जांच का लक्ष्य 600 कर दिया गया है। अभी सदर,शहरी पीएचसी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आरटीपीसीआर से 400 जांच हो रही थी, इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में आरटीपीसीआर की जांच की जा रही है।

इसका दायरा बढ़ेगा। जिले में हर दिन एंटीजन और आरटीपीसीआर से पांच हजार से अधिक कोरोना जांच किए जाने का लक्ष्य तय है। सीएस ने बताया कि वह खुद अब प्रतिदिन इसकी निगरानी करेंगे। हर पीएचसी प्रभारी से फीडबैक लिया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.