शहर का मोतीझील, हरिसभा, जवाहरलाल रोड, सरैयागंज बना जाम का स्पाट

मुजफ्फरपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर दिखा। नाला निर्माण व अन्य कार्य के लिए मोतीझील मुख्य सड़क पर बैरियर लगाने के कारण सरैयागंज, जवाहरलाल रोड, कल्याणी व हरिसभा चौक के निकट भीषण जाम लग गया।

तपती दोपहरी में जाम में घंटों लोग पसीना बहाने को मजबूर थे। यातायात पुलिस भी लाचार थी। मोतीझील में लगा बैरियर, कई बाइक सवार बीच में ही फंसे शनिवार को दिन के लगभग 11 बजे मोतीझील में नाला निर्माण के लिए स्मार्ट सिटी निर्माण एजेंसी के मजदूर उतरे।

इससे पहले कल्याणी चौक के निकट व मोतीझील मुख्य बाजार के बीच में आवागमन अवरुद्ध करने के लिए बैरियर लगा दिया गया। शुरू में कल्याणी चौक पर लगाए गए बैरियर में बाइक सवारों के जाने के लिए रास्ता छोड़ा गया था। इससे बाइक सवार मोतीझील की ओर निकले, लेकिन आगे भी एक बैरियर लगाया गया था।

मोतीझील ओवरब्रिज से खुला होने के कारण उधर से बाइक सवार आ गए। इन दोनों के बीच बैरियर होने से मुख्य बाजार में जाम लग गई। यही स्थिति कल्याणी से हरिसभा चौक की ओर जाने वाली सड़क की थी। इस सड़क में निर्माण कार्य चलाए जाने को लेकर कई गाडिय़ां फंस गई।

इसका प्रभाव हरिसभा व कल्याणी चौक की यातायात पर पड़ा। दोनों स्थानों पर भीषण जाम लग गई। इसका असर अघोरिया बाजार से लेकर कलमबाग, छाताचौक व माड़ीपुर चौक तक दिखा। इन मार्गों में गाडिय़ां रेंगती रही।  सरैयागंज व तिलक मैदान से कल्याणी चौक की तरफ आने वाली एक मात्र जवाहरलाल रोड पर यातायात का भारी दबाव बन गया। उधर, कंपनीबाग से गोला-दुर्गास्थान चौक की ओर भी जाम लगा रहा। यातायात डीएसपी रवींद्र कुमार सिंह ने कहा कि शहर में यातायात सुचारू के लिए दिन भर प्रयास चला। अवैध पार्किंग व नो इंट्री में 25 मामले में चालान काटा गया है। नगर थाना के निकट अवैध रूप से लगाए जाने वाली ठेला गाड़ी को हटाया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.