सत्तू को बनाया ब्रांड, देशभर में हासिल किया खास मुकाम

मधुबनी। चने के सत्तू को बिहार के एक ब्रांड के रूप में स्थापित करने का काम किया है मधुबनी के सचिन कुमार ने। पटना में उनका सत्तू कैफे लोगों को पसंद आ रहा है। वे कई फ्लेवर में सत्तू शेक बेच रहे हैं।

देशभर में सत्तूज नाम से पैकेट बंद सत्तू का आनलाइन व्यवसाय कर रहे हैं। चार साल पहले 10 लाख रुपये से शुरू कारोबार आज एक करोड़ तक पहुंच गया है। उन्होंने आधा दर्जन लोगों को रोजगार भी दिया है।

मधुबनी शहर के व्यवसायी सुनील कुमार महतो के बेटे सचिन ने दिल्ली में एमबीए की पढ़ाई के दौरान सत्तू को ब्रांड के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया। उन्हें पता था कि बिहार के लोग सत्तू काफी पसंद करते हैं। इसका व्यापार असंगठित रूप में है।

सत्तूज ब्रांड के नाम से उन्होंने 14 अप्रैल, 2018 को सतुआनी के दिन पैकेट बंद सत्तू बाजार में उतारा। सबसे पहले इसे मधुबनी में लांच किया। छोटे स्तर पर इसकी शुरुआत की। दुकान और लोगोंं के पास जाकर इसे बेचा। जब काम चल निकला तो उन्होंने इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया।

प्रोसेसिंग और पैकेजिंग के लिए मधुबनी में मशीन लगाई। इसमें आधा दर्जन कर्मी कार्यरत हैं। चना और बढिय़ा क्वालिटी के सत्तू की खरीदारी के लिए मधुबनी और राज्य के अन्य जिलों के कुछ किसानों व व्यापारियों को जोड़ा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.