भागलपुर के इशाकचक थाना क्षेत्र के नीलकंठनगर प्राणवती लेन में किराए पर रहने वाले शख्स दीपक कुमार ने रविवार की सुबह अपनी पत्नी की हत्या कर दी और अपने दो बच्चों के साथ महिला थाना पहुंचकर बोला कि मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। पत्नी की हत्या कर थाने पहुंच जुर्म कबूलनामा को देख पुलिस भी हैरत में पड़ गई। महिला थाना के पदाधिकारी ने इशाकचक थाने से संपर्क कर घटना को सत्यापित करने को कहा। जांच में घटना सही पाई गई।

दीपक की पत्नी का शव कमरे में पड़ा हुआ था। इशाकचक पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया है कि उसकी पत्नी के दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध होने और घर में अक्सर होने वाले विवाद को लेकर उसने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी दीपक मायागंज स्थित अस्पताल में सफाईकर्मी है। इशाकचक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला के भाई संजय कुमार के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पति को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां से उसे जेल भेजा जाएगा।

बच्चों को बाथरूम में बंद कर दिया और बाइक में सामान बांधने वाले रस्सी से गला घोंट दिया
पत्नी की हत्या करने के बारे में दीपक ने पुलिस को बताया रविवार की सुबह पत्नी से उसका विवाद हुआ। यह विवाद काफी देर तक चला। उसने बताया कि अवैध संबंध को लेकर तो अक्सर विवाद होता ही था। रविवार को पत्नी ने कहा कि वह मधेपुरा में रहने वाले अपनी बहन और जीजा के पास जाएगी। उसे पैसे चाहिए। दीपक का कहना है कि उसने पत्नी से कहा कि वह पैसे लाकर देगा पर थोड़ा समय चाहिए। इसी बात पर उसकी पत्नी दीपक के माता-पिता का नाम लेकर गाली-गलौज करने लगी। आरोपी पति का कहना है कि उसकी इस हरकत से उसे गुस्सा आया और अपने दोनों बच्चों को बाथरूम में बंद कर दिया। फिर बाइक में सामान बांधने वाली प्लास्टिक की रस्सी से पत्नी का गला दबा दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रात में पत्नी ने बेटी की गला दबाने की कोशिश की थी, बेटे ने भी विवाद के बारे में बताया
आरोपी पति दीपक ने पुलिस को यह भी बताया कि शनिवार की रात जब वे सभी सो रहे थे, उसी समय उसकी पत्नी ने बेटी को गला दबाकर मारने की कोशिश की थी। उसने बताया कि बच्ची चिल्लाने लगी तो उसकी नींद खुली तो उसने पत्नी को रोका। उसने पुलिस को उस शख्स का नाम भी बताया है जिसके साथ पत्नी के अवैध संबंध होने की उसे आशंका है। बातचीत में दीपक के 10 साल के बेटे ने भी बताया कि उसकी मम्मी और पापा के बीच अक्सर विवाद होता था। उसने यह भी बताया कि उसकी मम्मी अक्सर कहीं भी बिना बताए निकल जाती थी।

दीपक ने यह भी बताया कि विवाद की वजह से ही उसने अपने दोनों बच्चों को विक्रमशिला कॉलोनी में रहने वाली अपनी मां के पास छोड़ दिया था। शनिवार को पत्नी ने कहा कि दोनों बच्चों को लेकर आईए तब उसने दोनों बच्चों को मां के पास से लाकर पत्नी के पास छोड़ा। दीपक के दोनों बच्चों ने बताया कि पापा ने उन दोनों को बाथरूम में बंद कर दिया था और तब मम्मी को मार रहे थे। दोनों ने बताया कि चिल्लाकर पापा से मम्मी को छोड़ने के लिए कह रहे थे पर वे नहीं सुने।

ससुर को भी कॉल कर बताया कि बेटी को मार दिया
घटना के बाद महिला के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उसके बाद रविवार की शाम शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए वे पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंचे। महिला की भाभी प्रीति देवी ने बताया कि पत्नी को मारने के बाद दीपक ने अपने ससुर को भी कॉल किया था। कॉल कर उसने बताया कि, बेटी को मार दिए हैं, आकर देख लीजिए। महिला का मायके भीखनपुर में ही है। दीपक के कॉल जाने के बाद महिला का भाई और भाभी वहां पहुंचे तो देखा कि उसका शव वहां पड़ा हुआ था। प्रीति ने भी बताया कि दोनों में अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था।