मुजफ्फरपुर। सदर अस्पताल परिसर के मातृ-शिशु सदन परिसर में बने लिफ्ट का उपयोग स्टोर रूम के रूप में हो रहा है। वार्ड का चादर, टूटा बेड व कुर्सी रखा जा रहा है। इसके कारण यहां पर आने वाले मरीज व तीमारदार सीढ़ी चढ़कर या रैंप से नीचे आने-जाने को मजबूर हैं।

आधुनिक इलाज सुविधा से युक्त इस भवन के रख-रखाव नहीं होने से यहां पर जो सुविधा है उसका लाभ मरीजों को नहीं मिल रहा है। नाराज मरीज के स्वजन ने सिविल सर्जन कार्यालय में शिकायत की है। सीएस डा.उमेशचन्द्र शर्मा ने कहा कि दो दिनों के अंदर उसका निरीक्षण किया जाएगा।
स्वास्थ्य प्रबंधक को चेतावनी दी गई है कि जो सुविधा मरीज को मिलनी चाहिए वह मिले। भवन बनाने वाली एजेंसी की अगर रखरखाव की जवाबदेही है तो उससे दुरुस्त कराइए। अगर अस्पताल प्रबंधक की जवाबदेही वहां पर मरम्मत कराना है तो वह भी कराया जाए।
सदर अस्पताल स्थित मातृ शिशु सदन को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया, लेकिन कुप्रबंधन के कारण ना तो उन्हें नियमित रूप से बेडशीट नहीं मिलती है और ना ही पीने के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध है। यहां पर अपने मरीज का इलाज कराने आई बोचहां की शोभा कुमारी ने बताया कि वह सदर अस्पताल मंदिर पर जाकर पीने का पानी लेेकर आती है।
यहां आने वाले लोग पानी के लिए जहां-तहां भटकते रहते हैं। शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने से यहां पर संक्रमण का खतरा बना रहता है। मजबूरी में ही मरीज व स्वजन शौचालय का उपयोग कर रहे हैं। यहां पर भर्ती मरीज में अधिकांश वैसे ही हैं जिनका किसी न किसी माध्यम से पैरवी है। वरना आम मरीज को रेफर कर दिया जाता है।
