BPSC Paper Leak: दरभंगा पहुंची ईओयू टीम, पूछताछ के बाद ज’ब्त किए दो भाइयों के मोबाइल; पटना कार्यालय में बुलाया

बीपीएससी पेपर लीक कांड में आरोपित मो. आफताब उर्फ राजा से शनिवार देर रात नगर थाने में पूछताछ की गई। गहन पूछताछ के बाद रात में ही उसे छोड़ दिया गया। बता दें कि आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की चार सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शनिवार रात करीब 10 बजे लालबाग स्थित अंसारी मोहल्ले में छापेमारी की। मो. आफताब के घर पर नहीं मिलने पर पुलिस उसके भाई मो. रिजवान को हिरासत में लेकर थाने पर आयी।

आफताब किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने करमगंज मोहल्ले में गया था। रात करीब दो बजे घर लौटने पर उसे इसकी जानकारी मिली। इसके बाद वह नगर थाने पहुंचा। वहां दोनों भाइयों से गहन पूछताछ की गयी।

ईओयू के अधिकारियों ने उनसे कई सवाल किए। उन्होंने ईओयू के अधिकारियों से कहा कि बीपीएससी पेपर लीक कांड में उनकी कोई सहभागिता नहीं है। पुलिस को कोई गलतफहमी हुई है।

आफताब और उसके भाई रिजवान का मोबाइल फोन जब्त कर दोनों को छोड़ दिया गया। साथ ही उनसे कहा गया है कि दोनों मंगलवार को पटना ईओयू के कार्यालय में आएं। फिलहाल ईओयू की टीम दोनों भाइयों के मोबाइल फोन को खंगालने में जुटी हुई है। बता दें कि आफताब अपने भाई के साथ लालबाग में ही टायर पंक्चर बनाने की दुकान चलाता है।

दरभंगा के एसएसपी अवकाश कुमार ने कहा, ‘ईओयू की टीम शनिवार रात को मो. आफताब की तलाश में दरभंगा पहुंची थी। टीम को पुलिस बल उपलब्ध कराया गया। इस दौरान टीम के साथ दरभंगा पुलिस का टेक्निकल सेल भी मौजूद था। ईओयू के अधिकारियों को आगे भी हर तरह से सहयोग किया जाएगा।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading