मुजफ्फरपुर। जिले में मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की नियुक्ति को लेकर चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच नहीं हो सकी है। इस कारण 28 मई को जिला मुख्यालय स्तर पर शिविर लगातार नियुक्ति पत्र मिलेगा या नहीं इसपर संशय है।
जिले में 12 मई को 23 नियोजन इकाइयों में कुल 401 पदों के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया हुई थी। इसके लिए कुल 300 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की थी। बंदरा प्रखंड में बिना प्रमाणपत्र के ही अभ्यर्थी का चयन करने का मामला सामने आने के बाद नियोजन इकाई से स्पष्टीकरण पूछा गया है।
डीईओ अब्दुस सलाम अंसारी ने बताया कि 28 को शिविर लगाकर नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाना है, लेकिन विभाग की ओर से अबतक चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में शिविर के आयोजन को लेकर विभाग असमंजस में है। विभाग की ओर से निर्देश मिलने पर मैट्रिक, इंटर के साथ ही शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण से जुड़े प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी।
छह नियोजन इकाइयों की ओर से शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की नियुक्ति को लेकर निर्धारित समय से चयन सूची एनआइसी पर उपलब्ध नहीं कराया गया था। इसको लेकर डीपीओ स्थापना ने नियोजन इकाइयों से स्पष्टीकरण मांगा था। साथ ही चयन सूची में छेड़छाड़ की आशंका व्यक्त की थी।

