मुजफ्फरपुर : चमकी बुखार के प्रति लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाने से मिल रहा सकारात्मक परिणाम : प्रणव कुमार

मुजफ्फरपुर : समाहरणालय परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से चमकी बुखार के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर डीएम प्रणव कुमार ने अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक की टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डीएम प्रणव कुमार ने कहा कि एईएस/चमकी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के मद्देनजर जनवरी-फरवरी माह से ही लगातार विभिन्न माध्यमों से पंचायत, गांव और टोले स्तर पर सघन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे है।

उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के साथ समानांतर रूप से माकूल चिकित्सा व्यवस्था की उपलब्धता के कारण हम बहुत हद तक चमकी पर नियंत्रण करने में कामयाब रहे है।

सेंटर फॉर एडवोकसी एंड रिसर्च (सीफार), केयर इंडिया तथा जिला प्रशासन, मुजफ्फरपुर की तरफ से आयोजित यह नुक्कड़ नाटक जिले के छह अति प्रभावित प्रखंडों में 52 जगहों पर लोगों को चमकी के संदेश देगी। इस नुक्कड़ नाटक का आयोजन ऐसे जगहों पर किया जा रहा है जहां विगत दो वर्षों में एईएस के सबसे ज्यादा केस आए हैं।

वहीं इसके लिए जिन जगहों पर नुक्कड़ का आयोजन होना है वहां पहले से ही ग्राम वासियों के बीच आमंत्रण पत्र बांटे जाएगें। नाटक में अरविंद, नेहा फातिमा, प्रिस आनंद, शिमी, सुशांत, चंदन और गंगा ने प्रस्तुति दिया।

मौके पर डीपीआरओ कमल सिंह, डीएमओ सतीश कुमार, सिफार के राज्य प्रबन्धक रणविजय कुमार, केयर डिटीएल सौरभ तिवारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे। सोमवार को जिले के कांटी प्रखंड के दादर कोल्हुआ, मुस्तफापुर तथा बरमतमुर में नुक्क्ड़ नाटक आयोजित किया गया। जहां ग्रामवासियों में नुक्कड़ नाटक के प्रति जबरदस्त उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.