बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में नहीं दिया था वोट? मतदाता तक पहुंचेगी निर्वाचन आयोग की टीम

गोपालगंज : वर्ष 2020 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान में भाग नहीं लेने वाले मतदाताओं से निर्वाचन विभाग इसका कारण जानेगा। इसके लिए निर्वाचन विभाग ने प्रत्येक विस क्षेत्र के एक मतदान केंद्र मतदाताओं से जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया है। यह कार्य 31 मई तक पूर्ण किया जाएगा।

निर्वाचन विभाग बिहार के संयुक्त सचिव सह संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार साहू ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को इस संबंध में पत्र भेजकर जिले में पदस्थापित अवर निर्वाचन पदाधिकारी से विधानसभा वार किसी एक मतदान केंद्र का चयन कर उससे संबद्ध मतदाताओं का सर्वे करने को कहा है।

विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए मोबाइल ऐप के माध्यम से यह सर्वे किया जाएगा। इसके लिए मतदान केंद्र से संबंधित मतदाता सूची की सहायता ली जाएगी। संबंधित बीएलओ इस कार्य में सहयोग करेंगे।

इस सर्वे के क्रम में मतदाताओं से यह पूछा जाएगा कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में उन्होंने अपना मत का प्रयोग क्यों नहीं किया। इससे संबंधित एक प्रश्नावली भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अनुसार सर्वे में मतदान नहीं करने वाले मतदाताओं से जानकारी प्राप्त कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। आगामी 31 मई तक सर्वे का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.