दहेज मुक्त पंचायत बनाने की महिला मुखिया ने छेड़ी मुहिम,अनूठी पहल

पश्‍च‍िम चंपारण। पूर्वी नौतन पंचायत की मुखिया कौशल्या देवी ने दहेज उन्मूलन को लेकर अभियान की शुरुआत की हैं। पंचायत को दहेज मुक्त बनाने के संकल्प के साथ उन्होंने इसकी शुरुआत खुद के पुत्र कनीय अभियंता राजू कुमार की शादी बगैर दहेज के कर रहीं है। आगामी 29 मई को बरात नरकटियागंज के डीके शिकारपुर जाएगी।

मुखिया ने बताया कि अगले पांच साल में पंचायत को दहेज मुक्त बना देना है। बेटों की शादी में पंचायत का कोई भी नागरिक दहेज नहीं ले, इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बता दें कि मुृखिया पुत्र हिमांचल प्रदेश में एक कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी शादी के लिए कई रिश्ते आ रहे थे। शिक्षित लड़की को प्रमुखता देकर मुखिया ने पंचायत को दहेज मुक्त करने की शुरुआत अपने पुत्र की शादी से की है।

मुखिया कौशल्या देवी और उनके पति यादोलाल बैठा के इस प्रयास की सभी सराहना कर रहे हैं। मुखिया ने बताया बड़े पुत्र राजू कुमार की शादी नरकटियागंज के डीके शिकारपुर निवासी मृत्युंजय बैठा की पुत्री कुमारी आरती से बिना दहेज के हो रही है।

बता दें कि यादोलाल बैठा का घर तीन दशक पूर्व गंडक दियारा के रामपुर कोतराहा में था। गंडक नदी के कटाव से विस्थापित होकर वे आकर पूर्वी नौतन में चंद्रावत नदी किनारे बस गए। आर्थिक तंगी के बावजूद बच्चों को अच्छी शिक्षा दी और खुद को समाजसेवा में समर्पित कर दिया।

मुखिया के इस अभियान में ग्रामीणों का भी सहयोग मिल रहा है। ग्रामीण राजकिशोर प्रसाद का कहना है कि दहेज उन्मूलन का यह अभियान सराहनीय है। इसमें सबों का साथ मिलेगा। दहेज रूपी दानव से सभी त्रस्त हैं। एजाज अहमद ने कहा कि मुखिया ने अपने पुत्र की शादी बगैर दहेज के कर पंचायत के जनता को बेहतर संदेश दिया है। सबों का सहयोग मिलेगा। कन्हैया यादव ने कहा कि वे भी अपने बच्चों की शादी बगैर दहेज के करेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading