मुजफ्फरपुर। शहरी क्षेत्र में नल-जल का काम कर रहे संवेदकों ने एक पखवारे के अंदर अपना काम पूरा नहीं किया तो उनको ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने यह चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री सात निश्चय से हर घर नल-जल योजना के तहत शहर के सभी वार्डों में 44 करोड़ की लागत से पाइपलाइन विस्तार एवं मिनी पंप लगाने का काम चल रहा है। सभी वार्डों में कार्य पूर्ण करने की अवधि समाप्त हो चुकी है।
इसके बावजूद अब तक किसी भी वार्ड में संवेदक कार्य को पूरा नहीं कर पाए हैं । नगर आयुक्त ने निगम के सभी कनीय अभियंताओं को पत्र लिखकर अपने-अपने अधीन वार्डों में कार्य को पूरा कराने का निर्देश दिया है ।
कहा है कि शहरी क्षेत्र में होल्डिंग स्वामियों से पानी का शुल्क लिया जा रहा है । ऐसी स्थिति में प्रत्येक होल्डिंग में पेयजल सुविधा दिया जाना अति आवश्यक है। सभी संवेदक अपने-अपने वार्ड में 15 दिनों के अंदर काम को पूरा कर लें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जो संवेदक तय समय में काम को पूरा नहीं करेंगे उनके एकरारनामा को रद कर दिया जाएगा और नाम काली सूची में डाल दी जाएगी। अभी मुजफ्फरपुर शहर के वार्डों में पाइप लाइन का चल रहा काम।

