दिल्लीवासियों को शीत लहर से मिली थोड़ी राहत, हिमाचल में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

नए साल के पहले दिन दिल्लीवासियों को शीत लहर से थोड़ी राहत मिली और इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सोमवार रात तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. हवा में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा. मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को दिन में धूप खिलने और अधिकतम तापमान के 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान लगाया है. अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में शीत लहर चलना जारी रहेगी. सोमवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

हिमाचल में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. शिमला में मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार और शनिवार को उच्च, मध्य और निचले पर्वतीय क्षेत्र तथा मैदानी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबरी की संभावना है.

शुक्रवार और शनिवार को राज्य के अधिकतर इलाकों के लिए भारी बारिश और बर्फबारी की ‘नारंगी चेतावनी’ जारी करते हुए निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को तैयार रहने की हिदायत दी क्योंकि भारी बारिश और बर्फबारी से सड़कें अवरूद्ध हो सकती हैं तथा भूस्खलन हो सकता है, खासतौर पर उच्च और मध्य पहाड़ी इलाकों में. कांगड़ा जिले के एक अधिकारी ने बताया जिला प्रशासन ने अधिकारियों को सभी एहतियाती उपाय करने को कहा है.

दिल्लीवालों को नए साल पर भी प्रदूषण से राहत नहीं

दिल्ली वालों को साल 2019 का स्वागत प्रदूषण के बीच ही करना पड़ा. दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में रही. अधिकारियों ने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद प्रदूषण के स्तर में कमी आ रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में नए साल के पहले दिन समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 393 दर्ज किया गया, जबकि केंद्र द्वारा संचालित वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान प्रणाली (सफर) ने सूचकांक 402 दर्ज किया जो क्रमश: ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है.

सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 16 इलाकों में प्रदूषण स्तर ‘गंभीर’ दर्ज किया गया जबकि 18 जगहों पर हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ रही. गाजियाबाद और नोएडा में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ रही, जबकि फरीदाबाद और गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा. सीपीसीबी ने कहा कि दिल्ली में अति सूक्ष्म प्रदूषक कणों (पीएम 2.5) का स्तर 267 रहा जबकि पीएम 10 का स्तर 437 दर्ज किया गया. दिल्ली में प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading