पटना । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निलंबित सांसद व पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद इन दिनों पार्टी में राजनीति की ट्वेंटी-20 खेल रहे हैं। हार-जीत अपनी जगह, लेकिन अपनी बॉलिंग-बैटिंग में कमी नहीं रख रहे। राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। उनके पिता भागवत झा बिहार के मुख्यमंत्री रहे। आज उनका जन्मदिन है।
राजनीति के पहले स्टार क्रिकेटर रहे कीर्ति
साल 1959 के दो जनवरी को बिहार के पूर्णिया में जन्मे कीर्ति आजाद के पिता भागवत झा बाद बिहार के मुख्यमंत्री रहे। राजनीतिक पृष्ठभूमिक के बावजूद आरंभिक दौर में उनकी रूचि क्रिकेट में रही। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाते हुए सात टेस्ट और 25 वनडे मैच खेले। वे 1983 के विश्व कप विजेता क्रिकेट टीम में भी शामिल रहे।
पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 1983 में नई दिल्ली में एक एग्जिबिशन डे-नाइट मैच के दौरान कीर्ति ने अपने नाबाद 71 रन में लगातार तीन छक्कों के साथ कुल सात छक्के लगाए थे। मैच में पाकिस्तान ने 50 ओवरों में तीन विकेट पर 197 रन बनाए थे। तीनों विकेट कीर्ति आजाद ने लिए थे।

कीर्ति ने 95 रणजी ट्रॉफी मैचों में 4867 रन बनाए और 162 विकेट भी लिए। करियर के आरंभिक दौर में वे दिल्ली की क्रिकेट टीम में ऑलराउंडर थे।
दिल्ली से राजनीति में एंट्री, अभी दरभंगा के सांसद
लेकिन कालांतर में क्रिकेट से गहरे जुड़े कीर्ति आजाद की राजनीति में एंट्री हुई। वर्तमान में वे दरभंगा से भाजपा के सांसद हैं। उन्होंने 2014 में दरभंगा से लोकसभा चुनाव जीता था। इसके पहले वे दिल्ली की गोल मार्केट से विधायक भी रहे थे।
वित्त मंत्री से अदावत को ले पार्टी ने किया निलंबित
लेकिन कीर्ति इन दिनों भाजपा के हाशिए पर हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ उनके बयानों के कारण पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया है। साल 2015 से पार्टी में निलंबित चल रहे कीर्ति के बयान भाजपा को असहज करते रहे हैं।
थाम सकते कांग्रेस का हाथ
भाजपा में रहते हुए भाजपा के खिलाफ उनके बयानों को 2019 के लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि वे विपक्षी दरभंगा लोकसभा सीट पर विपक्षी महागठबंधन से उम्मीदवार बन सकते हैं। कीर्ति ने बातों-बातों में इसका इशारा भी किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ की तथा यह भी कहा कि उनके पिता भी कांग्रेसी रहे। कीर्ति आजाद के पिता भागवत झा आजाद कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे थे। वे बिहार के मुख्यमंत्री भी रहे। कीर्ति की पत्नी पूनम आजाद भी कांग्रेस में हैं।