फर्जी शिक्षकों के भुगतान में शामिल विभागीय कर्मियों पर कार्रवाई का आदेश

दरभंगा। जिला पदाधिकारी राजीव रौशन ने शिक्षा विभाग में फर्जी शिक्षकों के नियोजित रहने और उनको अवैध ढंग से भुगतान करने के मामले में सख्त तेवर अपनाया है। इस मामले में वह जिला शिक्षा पदाधिकारी विभा कुमारी को सख्त कार्रवाई करने को कहा है। कुशेश्वरस्थान के लक्ष्मीनिया प्राथमिक विद्यालय के तथाकथित शिक्षक मुकेश कुमार ठाकुर को 600000 रुपये से अधिक के अवैध भुगतान के मामले में कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी की रक्षात्मक शैली को लेकर कड़ा एतराज जताया है।

इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा समर्थित अनुपालन प्रतिवेदन की त्रुटियों पर बिफरे जिला पदाधिकारी ने कहा है कि फर्जी शिक्षक मुकेश कुमार ठाकुर को भुगतान के मामले में विभाग का यदि कोई पदाधिकारी या कर्मचारी संलिप्त है तो उनके खिलाफ भी तुरंत कार्रवाई करें। इसके अलावा तथाकथित शिक्षक के खिलाफ सरकारी राजस्व की वसूली के लिए नीलाम पत्रवाद दायर करें।

इस आदेश के बाद विभाग में हड़कंप मचा है। बताते चलें कि मुकेश ठाकुर को फर्जी भुगतान के मामले में दो और शिक्षकों का मामला आया था। उन पर भी कार्रवाई होनी थी, लेकिन जिला शिक्षा पदाधिकारी ने उन दोनों शिक्षक राम निशान यादव तथा लाल बाबू राय को बचाते हुए केवल मुकेश कुमार ठाकुर को दोषी बताया था।

इस मामले में भुगतान करने वाले स्थापना शाखा के सहायक के खिलाफ भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है ।एक पदाधिकारी तो सेवानिवृत्त ही हो गए हैं। इधर, बहादुरपुर के भैरोपट्टी उर्दू प्राथमिक विद्यालय में भी आधा दर्जन से अधिक फर्जी शिक्षकों को हुए भुगतान के मामले में अबतक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वह भी ठंडे बस्ते में पड़ा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading