49 वार्डो के लिए होगा निगम का चुनाव, राज्य निर्वाचन आयोग ने दी हरी झंडी….

मुजफ्फरपुर। राज्य निर्वाचन आयोग ने तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए 49 वार्डो पर ही नगर निगम का चुनाव कराए जाने को हरी झंडी दे दी है। आयोग ने इतने ही वार्ड की मतदाता सूची तैयार करने का निर्देश जिला निर्वाचन पदाधिकारी को दिया है।

इतने ही वार्ड के मतदाता महापौर और उप महापौर को सीधे चुनेंगे। साथ ही पार्षदों के लिए वोट डालेंगे। आयोग ने निगम के साथ ही सात नगर पंचायत एवं दो नगर परिषद के लिए रोस्टर तय कर दिया है। अब सिर्फ मोतीपुर नगर परिषद को लेकर ऊहापोह बना हुआ है।

जारी निर्देश में आयोग के सचिव मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि 84 नगर निकायों में पांच में यथास्थिति रहेगी। वहां पिछले चुनाव में जितने वार्ड को शामिल किया गया था उतने ही इस चुनाव में होंगे। सचिव द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 11 जून से मतदाता सूची के विखंडीकरण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।

इसके लिए इस वर्ष पांच जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची को आधार बनाया जाएगा। साथ ही इस तिथि के बाद मतदाता सूची में जोड़े या हटाए गए मतदाताओं के नाम और पता को शामिल किया जाएगा। निकाय चुनाव में इस बार महापौर, उप महापौर, पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद का चुनाव सीधे जनता करेगी।

 

जिले में सात नगर पंचायत का गठन किया गया है। वहीं तीन नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित किया गया है। इसे देखते हुए यहां परिसीमन के हिसाब से इन पदों के लिए आरक्षण रोस्टर तय किए जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र का परिसीमन नहीं होने से महापौर एवं उप महापौर के पद का आरक्षण रोस्टर पहले की तरह ही रहने की संभावना है। निगम क्षेत्र के विस्तारीकरण को देखते हुए इन पदों में बदलाव की बात कही जा रही थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.