मुजफ्फरपुर : बोचहां एसएफसी गोदाम पर डीलरों ने अधिकारियों को बनाया बं’धक

एसएफसी की व्यवस्था से भड़के डीलरों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। गोदाम बंद कराकर ट्रक से माल नहीं उतरने दिया। पहले आपूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार व सहायक गोदाम प्रबंधक यादवेंद्र यादव को बंधक बनाया। फिर गोदाम बंद कराने की सूचना पर पहुंचे जिला गोदाम प्रबंधक अशोक कुमार सिंह को भी घंटों बंधक बनाया और व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

डीलर कुव्यवस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े थे। बाद में फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवन रजक, जिला उपाध्यक्ष हीरालाल प्रसाद यादव, प्रखंड अध्यक्ष जगत राय, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव व महासचिव रामपुकार साह, मनोज कुमार, संजय कुमार, श्रीनारायण सिंह समेत सौ से ज्यादा डीलरों की मौजूदगी में संघ ने जिला गोदाम प्रबंधक के सामने समस्या रखी और समाधान की मांग की। डीलरों ने शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि कई माह से रोस्टर का पालन नहीं किया जा रहा है।

डाटा ऑपरेटर संतोष कुमार व डिलीवरी बॉय राजीव पर मनमानी कर प्रति बोरा ₹पांच रुपये उगाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों अड़वा व उसना चावल देने में भी मनमानी करते हैं। संघ की ओर से अनाज के उठाव में रोस्टर का पालन किए जाने, विक्रेता को चालान प्रस्तुत करने, गोदाम से विक्रेता की दुकान के बीच अनाज की चोरी रोकने, सही वजन देने, अड़वा व उसना चावल का विधिवत वितरण करने, डीलरों को गोदाम पर नहीं बुलाने, गोदाम कर्मी के द्वारा डीलरों से अवैध उगाही बंद करने समेत नौ सूत्री मांगे रखी गई। मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन देने पर दोपहर बाद जिला गोदाम प्रबंधक सहायक गोदाम प्रबंधक व एमओ को मुक्त किया गया।

जिला गोदाम प्रबंधक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि रोस्टर के अनुसार डीलरों की दुकान पर डिलीवरी देकर सही वजन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑपरेटर संतोष व डिलीवरी बॉय राजीव का तबादला 31 मई को ही कर दिया गया है।

दोपहर में गोदाम पर योगदान के लिए पहुंचे नए ऑपरेटर संजीव कुमार व डिलीवरी बॉय संदीप कुमार से उन्होंने नियमानुसार वितरण करने का सख्त निर्देश दिया। वहीं एजीएम व ठेकेदार मनीष कुमार से कहा कि वे डोर स्टेप डिलीवरी दें, गोदाम पर डीलरों को नहीं बुलाएं।

एजीएम नहीं बता सके कितना हुआ वितरण

आंदोलन के कारण दोपहर बाद से लेबर को बुलाने के बाद शाम तक ट्रक अनलोड हुआ। बुधवार को डीलरों को डिलीवरी नहीं दी गई। जिला गोदाम प्रबंधक ने बताया कि गुरुवार से डिलीवरी दी जाएगी। एजीएम से डीएमएसएफसी ने वितरण की जानकारी मांगी तो वह नहीं बता सके। एजीएम ने बताया कि 15 वर्ष पहले उन्होंने योगदान दिया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading