मुजफ्फरपुर। जिले में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में नौवीं की पढ़ाई के लिए एक विषय में एक ही शिक्षक रहेंगे। विभागीय आदेश के विपरीत की गई शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति रद की जाएगी। इसको लेकर डीपीओ माध्यमिक शिक्षा इफ्तेखार अहमद ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अंतिम स्मार पत्र भेजा है।
कहा है कि समीक्षा के क्रम में यह पाया गया है कि उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में एक ही विषय में एक से अधिक शिक्षक प्रतिनियुक्त हैं। वहीं कई स्कूलों की ओर से एक शिक्षक के होने के बाद भी उसी विषय में शिक्षक की प्रतिनियुक्ति का प्रस्ताव भेजा गया है।
30 अप्रैल को डीईओ अब्दुस सलाम अंसारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेजकर तीन दिनों के भीतर प्रतिनियुक्त शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने को कहा था। वहीं जिन स्कूलों में एक भी शिक्षक प्रतिनियुक्त नहीं हैं उन्हें इसका प्रमाणपत्र देना था।
इस आदेश के बाद भी एक भी बीईओ ने रिपोर्ट नहीं भेजा। राज्य निदेशालय की ओर से फटकार लगाए जाने के बाद सभी बीईओ को अंतिम स्मार पत्र भेजा गया है। तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट नहीं देने वाले बीईओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

