दरभंगा : थाना क्षेत्र के भरवाड़ा बाजार में एटीएम से पैसा निकालने आई भरवाड़ा निवासी मो मक्की की पुत्री सलमा से एटीएम छीनकर भाग रहे युवकों को पीछा कर सिंहवाड़ा पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने मुजफ्फरपुर से आए दो बदमाशों के पास से दो दर्जन के करीब एटीएम, अपाचे बाइक बरामद क्या है।

बदमाशों की पहचान मुजफ्फरपुर जिला के कांटी थाना अंतर्गत मधुकर छपरा के अमन कुमार एवं बोचहां थाना क्षेत्र के पीरखपुर निवासी राहुल कुमार के रूप में की गई है। बताया गया है कि महिला रुपए निकालने के लिए भरवाडा बौका चौक के बगल में स्थित एटीएम में पहुंची। रुपया निकालने के लिए कार्ड डालकर आगे की प्रक्रिया कर रही थी कि एटीएम के गेट पर खड़ा युवक भीतर पहुंचा।

और उसकी मदद करने लगा। इसी बीच मौका पाकर दोनों अपराधी महिला का एटीएम लेकर भागने लगे। महिला ने हल्ला करना शुरू किया। अपाचे से भाग रहे दोनों अपराधियों को ग्रामीणों ने भी पीछा करना शुरू कर दिया। इसी बीच स्थानीय चौकीदार सीताराम की नजर भाग रहे लुटेरों पर पड़ी। वह भी एक ओर से पीछा करना शुरू किया।

दूसरी ओर से गस्ती में जमादार शंभू ठाकुर के नेतृत्व में आ रही पुलिस ने भी लुटेरों का पीछा शुरू किया। बाजार में लगे जाम में लुटेरों को पकड़ना आसान हो गया। पुलिस को नजदीक आता देख लुटेरा अपाचे बाइक छोड़कर भागने लगा। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

