रुकिये सर.. ये बहुत परेशान कर दिया है। घर में कमाकर पैसा नहीं देता है। पहले भी इसको समझाये थे। इतना कहने के बाद पकड़े गये लूट के आरोपित और लुटेरों के सरगना रवि चौहान की पत्नी ने पुलिसवालों के सामने ही चप्पल से उसकी पिटाई शुरू कर दी। यह नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान थे। महिला ने रवि की धुनाई करने के बाद कहा कि अब इसको जेल भेज दीजिये सर..।

इसी तरह बाकी के आरोपितों की पत्नी भी थाने पहुंची थीं। अधिकतर अपराधियों के छोटे-छोटे बच्चे हैं। सभी की पत्नी से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने किसी के नशे का सेवन करने की बात कही तो किसी ने आरोपितों को घर से कोई मतलब न होने की शिकायत की। बता दें कि पटना के गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने ज्वेलरी की दुकान में लूटपाट करने वाले नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें से ज्यादातर पेंटर और ऑटो चलाने का काम करते हैं। रवि चौहान, पकड़े गये अपराधियों का सरगना है। वह पेंटर का काम करता है। वहीं राहुल गुप्ता सोना-चांदी का कारोबार करता है। लुटेरे उसी के संपर्क में थे।

एसएसपी डॉ. मानवजीत सिंह ढिल्लो के मुताबिक महालक्ष्मी ज्वेलर्स में डेढ़ लाख के जेवरात लूटने में इसी गिरोह का हाथ था। अपराधियों के पास से हथियार, गोलियां और लूटे गये जेवरात भी बरामद किये गये हैं। पुलिस का दावा है कि घटना के दिन पकड़े गये अपराधियों में छह मौका ए वारदात पर गये थे। लूट की साजिश को रवि ने अंजाम दिया था।

इस गिरोह का एक अन्य सदस्य कुंदन कुमार पुलिस की गिरफ्त से फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। बाइक चोरी की झूठी शिकायत मिलते ही पुलिस लुटेरों तक पहुंच गई। दरअसल, इस घटना को अंजाम देने के दौरान जब दुकानदार ने शोर-शराबा करते हुये लुटेरों को खदेड़ा तो भागते वक्त उनकी बाइक मौके पर ही छूट गई।

इसके बाद लूटकांड में शामिल जाहिदपुर पुनपुन के रहने वाले राजेश ने अपने भाई राहुल कुमार को बाइक लूट होने की झूठी शिकायत करने थाने भेजा। जब पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि जिस बाइक के लूटे जाने की बात राहुल कह रहा है, उसी से जेवरात दुकान में लूटपाट की गई है। पुलिस ने राहुल से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे उसके भाई ने झूठी शिकायत करने थाने पर भेजा था। इसके बाद पुलिस ने राजेश को पकड़ा, फिर उसने अपने गिरोह के अन्य साथियों के नाम का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार अपराधी राजधानी में दोबारा लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले थे। अगर अपराधी सही समय पर नहीं पकड़े जाते तो फिर से लूटपाट की घटना हो सकती थी।

दो अपराधियों ने खरीदे थे हथियार
दो अपराधियों ने हथियार खरीदकर उसे लुटेरों को दिया था। एसपी सिटी सेंट्रल के मुताबिक राजेश और रवि ने हथियारों की खरीद की थी। पूछताछ में शातिरों ने खुलासा किया है।
ये सामान हुआ बरामद
दो कट्टा, दो गोली, एक बाइक, 35 चांदी का पुराना सिक्का, 23 चांदी का नया सिक्का, चांदी की पायल 16 जोड़ा, 10 चांदी का बिस्किट आदि।