पटना : उत्तर बिहार में एक बार फिर बाढ़ की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिलों को अलर्ट होने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की ओर से सभी जिलाधिकारियों और सिविल सर्जनों को बाढ़ के दौरान बीमारी से निपटने के लिए विस्तृत गाइड लाइन नए सिरे से जारी की गई है।
उसमें बीमारियों से निपटने के लिए त्रिस्तरीय तैयारी करने को कहा गया है। अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि उत्तर बिहार के 15 जिले अति बाढ़ प्रभावित है।
बाढ़ के दौरान यहां जान-माल की क्षति के साथ कई तरह की जलजनित बीमारियां भी फैलती हैं, जिन पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो महामारी की आशंका उत्पन्न हो जाती है।
इसलिए जिले बीमारी या महामारी रोकने के लिए अभी से त्रिस्तरीय व्यवस्था में जुट जाएं। इस संबंध में जिलों को गाइड लाइन भी भेजी गई है।
इस गाइड लाइन में स्पष्ट है कि जिलाधिकारी के स्तर पर महामारी रोकथाम समिति को सक्रिय कर दिया जाए। इसमें उप विकास आयुक्त, आरक्षी अधीक्षक, सिविल सर्जन, आपूर्ति विभाग के अलावा आपदा प्रबंधन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अफसर रहेंगे। महामारी रोकथाम समिति अपने जिले में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जलजमाव से होने वाली बीमारियों को चिन्हित करें और उनसे बचाव के उपाय करें।
