मुजफ्फरपुर। नगर निगम के वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने के एक दिन पहले पूर्व मेयर सुरेश कुमार समेत तीन वार्ड पार्षदों को बड़ी राहत मिली है। राज्य निर्वाचन आयोग ने उनकी सदस्यता रद किए जाने की याचिका को खारिज कर दिया है। अब कार्यकाल के अंतिम दिन तक उनकी सदस्यता मान्य रहेगी साथ ही तीनों पार्षद अगला निगम चुनाव भी बिना किसी परेशानी के लड़ सकेंगे।

इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी डा. दीपक प्रसाद ने जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। उन्होंने इस आदेश का तामिला वादी एवं प्रतिवादी को कराते हुए आयोग को सूचना देने का आग्रह किया है। विदित हो कि वार्ड पार्षद राजीव कुमार पंकू ने निर्वाचन आयोग में याचिका दायर की थी।
इसमें पूर्व मेयर एवं वार्ड एक के पार्षद सुरेश कुमार, वार्ड 15 की पार्षद अंजू कुमारी और वार्ड 39 की पार्षद मंजू कुमारी की सदस्यता रद करने की मांग की थी। इसमें निगम की लगातार तीन बैठक में भाग नहीं लेने को आधार बनाया गया था। इसके बाद आयोग ने डीएम से मामले की रिपोर्ट मांगी थी।
आयोग में एक जून को सुनवाई के दौरान महापौर एवं वार्ड पार्षदों ने अधिवक्ता के माध्यम से आयोग के सामने पक्ष रखा। याचिका में जिन तीन लगातार बैठकों की चर्चा की गई थी उनमें से 24 जुलाई 2021 को लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की वैधता को नगर विकास एवं आवास विभाग ने विधि सम्मत नहीं माना था।
आयोग ने भी प्रारंभिक जांच में पाया कि उक्त बैठक विभाग से वैध नहीं पाया गया। इस आधार पर आयोग ने वाद को आगे सुनवाई के योग्य नहीं पाया। इसे देखते हुए पार्षद राजीव कुमार पंकू के वाद को खारिज कर दिया गया।
