केंद्रीय मंत्रीको जदयू ने दिया एक और बड़ा झटका,राज्यसभा टिकट के बाद अब बंगला भी छीना

पटना    केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने गुरुवार को एक और बड़ा झटका दिया है। पटना के जिस बंगले में लंबी अवधि से आरसीपी रह रहे थे उसे अब मुख्य सचिव के नाम से कर्णांकित कर दिया गया है। स्ट्रैंड रोड में स्थित मंत्री पूल का यह बंगला जदयू विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ संजय गांधी के नाम से आवंटित था।

अब उन्हें नया बंगला आवंटित कर दिया गया है। हाल ही में जदयू ने आरसीपी को राज्यसभा टिकट नहीं दिया था। आरसीपी के बदले झारखंड में पार्टी के अध्यक्ष खीरू महतो पर भरोसा जताया गया। खीरू अब राज्यसभा सदस्य हो गए हैं। आरसीपी का कार्यकाल जुलाई तक है। इसके बाद क्या होगा? इसपर राजनीतिक गलियारे में चर्चा बनी हुई है।

भवन निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को विधान पार्षद संजय कुमार सिंह के बंगले को मुख्य सचिव के नाम से कर्णांकित किए जाने की अधिसूचना जारी हो गई। जिस वक्त आरसीपी सिंह को राज्यसभा नहीं भेजे जाने का निर्णय जदयू ने लिया था उसी समय से यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि केंद्रीय इस्पात मंत्री को स्ट्रैंड रोड (7 नंबर) का बड़ा बंगला खाली करना पड़ेगा। आखिरकार मंत्रियों के आवासीय इलाके में अब आरसीपी सिंह का ठिकाना नहीं रहेगा। पिछले 12 वर्षों से आरसीपी सिंह इस बंगले में रह रहे थे।

आरसीपी सिंह जिस बंगले में रह रहे थे वह स्ट्रैंड रोड के बड़े बंगले में शुमार है। एक समय पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव के रूप में आरके सिंह वहां रहते थे। आरके सिंह के दिल्ली चले जाने के बाद इस बंगले को नए सिरे से विकसित किया गया। बंगले में बड़ा लान भी है। कुछ माह पहले आरसीपी सिंह के समर्थकों का वहां बड़ा जुटान भी हुआ था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.