72 घंटे में बिहार में मानसून देगा दस्तक, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट

पटना। प्रदेश में मानसून के आगमन को लेकर परिस्थितियां तैयार होने लगी हैं। पूर्णिया में प्री-मानसून बारिश अच्छी होने से संकेत मिला है। सिलीगुड़ी के पास मानसून रुकने के बाद प्रदेश के उत्तरी भाग में गुरुवार को हुई बारिश मानसून को आगे बढऩे में मदद करेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में मानसून की दस्तक 11-13 जून के बीच हो सकती है।

गुरुवार को उत्तर बिहार के कई जगहों पर मौसमी परिस्थिति के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, दक्षिण बिहार के तीन जिलों को छोड़ सभी भागों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दक्षिणी भागों में पछुआ की मजबूत स्थिति को देखते हुए पटना समेत दक्षिणी भाग में उमस भरी गर्मी का प्रभाव बना रहेगा। वहीं, उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधियों के कारण तापमान सामान्य रहेगा।

गुरुवार को बक्सर, गया व पूर्वी चंपारण को छोड़ शेष भागों के तापमान में क्रमिक गिरावट दर्ज की गई। बक्सर का तापमान 0.9 डिग्री की वृद्धि के साथ 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। पटना का तापमान 0.8 डिग्री की गिरावट के साथ 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर एवं भागलपुर के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश बिजली चमकने के साथ होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अगले चार दिनों तक इन जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान किशनगंज जिले के बहादुरगंज में सर्वाधिक बारिश 265 मिमी दर्ज किया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading