मच्छर पर दवा का असर नहीं, नालों में स्प्रे

मुजफ्फरपुर। बीते एक सप्ताह से नगर निगम शहर में मच्छर मारने के लिए फॉगिंग अभियान चला रहा है। इसमें उपयोग की जा रही दवा का असर मच्छर पर नहीं हो रहा है। फॉगिंग के बाद भी मच्छर नहीं मर रहे हैं। अब मच्छर बनने से पहले ही उसके लार्वा को मारने के लिए नगर निगम अभियान चलायेगा।

नगर आयुक्त ने इसके लिए सभी अंचल निरीक्षकों को निर्देश दिया है। बहलखाना प्रभारी को नाला में स्प्रे के लिए दवा मुहैया कराने के लिए कहा गया है। प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग स्प्रे मशीन मौजूद है। सभी मशीनों की जांच होगी।

बेकार मशीनों की जगह नयी मशीन खरीद की जायेगी। बीते एक सप्ताह से शहर के सभी 49 वार्डों के प्रमुख मार्गों पर फॉगिंग करायी जा रही है। बुधवार की शाम में भी इसके लिए अभियान चलाया गया। एक सप्ताह की फॉगिंग के बाद भी शहर में मच्छर की शिकायत लगातार मिल रही है।

उस इलाके से भी शिकायत की जा रही है, जहां फॉगिंग हो चुकी है। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि मच्छर अधितम एक सप्ताह जीवित रहते हैं। ऐसे में लगातार लार्वा मारने के लिए नाले में स्प्रे किया जाए तो एक सप्ताह के बाद स्वत: मच्छर का प्रकोप समाप्त हो जायेगा। मच्छर उन्मूलन के लिए लार्वा मारने का अभियान ज्यादा कारगर होता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.