मुजफ्फरपुर : 20 जून सोमवार को चक्का जाम करने और दिल्ली मार्च के आह्वान को देखते हुए डीएम प्रणव कुमार व एसएसपी जयंतकांत ने सभी बीडीओ, सीओ, एसएचओ, डीएसपी, रेलवे डीएसपी व दोनों अनुमंडल अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने 20 जून को चक्का जाम को देखते हुए उ’पद्रव करने वाले त’त्वों के खिलाफ स’ख्ती से निपटने और को’चिंग संस्थानों पर नजर रखने का निर्देश दिया।
साथ ही उन सभी स्थलों को खंगालने का निर्देश दिया है जहां पर विधि व्यवस्था का उल्लंघन करने की संभावनाएं है। वैसे सभी तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है जिनके द्वारा विद्यार्थियों को भड़काने या उन्हें दिग्भ्रमित करने की कोशिश करते हुए माहौल बिगाड़ने का कार्य किए जाने की संभावना है।
डीएम ने सभी वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कल सुबह पांच बजे से ही भ्रमणशील रहेंगे और विधि व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने की दिशा में प्रभावी कार्य करना सुनिश्चित करेंगे।

खासकर रेलवे स्टेशनों व जिले के महत्वपूर्ण स्थलों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी करने का भी निर्देश दिया है। केंद्र सरकार व राज्य सरकार की सभी एजेंसियां जैसे रेलवे, टोल प्लाजा, पोस्ट ऑफिस, बैंक, बस स्टॉप पर लगातार वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया। सभी सीसीटीवी कैमरे के निगरानी में रहेंगे। कोचिंग संस्थानों पर विशेा रूप से नजर रखी जाएगी।
डीएम प्रणव कुमार ने कहा कि अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में हिंसक प्रदर्शन करने वालों से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो कैमरा, सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर दोषियों की पहचान कर चिन्हित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें व्यवधान डालने वालों के खिलाफ विधि सम्मत सख्त व कड़ी कार्रवाई होगी। वरीय पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया तथा फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि पर विशेष नजर रखें।
कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप और यूट्यूब चैनलोंके माध्यम से भ्रामक, मिथ्या और हिंसक मैसेज, फोटो, वीडियो पोस्ट करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया का बेजा इस्तेमाल करने वाले सलाखों के पीछे रहेंगे। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी एसएचओ, सभी डीएसपी को विधि व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया है। डीएम ने जिलेवासियों से अफवाहों, अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं सोशल मीडिया आदि पर किसी भी तरह के तथ्यहीन, हिंसक, भ्रामक मैसेज, फोटो, वीडियो को शेयर व कमेंट न करने, प्रजातांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने व सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने व रेलवे यातायात को बाधित ना करने की अपील की।
