गुरु रहमान ने एक वीडियो जारी कर खुद को बेकसूर बताया है। वीडियो में कहा कि छात्रों से उन्होंने ट्रेन रोकने की बात कही थी, लेकिन हिंसा करने को नहीं कहा था। गुरु रहमान ने कहा कि अगर उनके खिलाफ सबूत मिलते हैं तो वो सजा भुगतने को तैयार हैं। अग्निपथ योजना के विरोध में छात्रों को भड़काने का आरोप लगाने के बाद फरार चल रहे गुरु रहमान ने वीडियो मैसेज में सफाई दी है।

सोमवार को गुरु रहमान के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। पहले तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दबिश बनाई। लेकिन, गुरु रहमान नहीं मिले तो इनकम टैक्स की टीम ने उनके ठिकानों पर छापेमारी कर दी। हालांकि गुरु रहमान अभी प्रशासन की नजर से दूर हैं। उन्होंने अपनी सफाई का वीडियो जारी किया है।

‘हिंसा में किसी तरह का हाथ नहीं’
गुरु रहमान ने कहा कि जो भी घटना हुई है, अग्निपथ के विरोध में उसमें मेरा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कहीं भी योगदान नहीं था। मैं छात्रों के प्रति पूरी तरह से डेडिकेटेड रहता हूं। गुरु रहमान ने कहा कि पहले दिन कुछ बच्चे आए थे जिनको मैं नहीं पहचानता हूं, उन्होंने कहा था कि हम लोग रेल रोकने जा रहे हैं।

लेकिन हमने कहा था कि रेल रोको लेकिन कुछ नुकसान नहीं पहुंचाना। हिंसात्मक काम नहीं करना है। उसके बाद मेरे ऊपर FIR हुई है और इनकम टैक्स का छापा पड़ा है। मेरे द्वारा किसी भी तरह की कोई भी हिंसा की बात कही गई है तो मैं उसकी सजा भुगतने को तैयार हूं।

‘दानापुर की घटना पूरी तरह से गुंडों द्वारा की गई है’
गुरु रहमान ने कहा कि मैं 1994 से पढ़ाने का काम कर रहा हूं। मैंने पूरा शरीर दान कर दिया है। मैं कभी भी हिंसा की बात नहीं करता हूं। मैं कभी भी हिंसा के पक्ष में लोगों को भड़काता नहीं हूं।

मैं हिंसा के पक्ष में इसलिए भी नहीं हूं कि यदि छात्र हिंसा करते हैं तो उन पर एफआईआर होती है और उनका कैरियर खराब हो जाता है। दानापुर की घटना पूरी तरह से गुंडों द्वारा की गई है। कहीं भी कुछ भी यदि व्हाट्सएप या कोई मैसेज मेरी ओर से किया गया है तो मैं सजा भुगतने को तैयार हूं।

मुझे फंसाने की साजिश हो रही
ऐसे गुंडों और अराजक तत्व के आड़ में मुझे फंसाने की कोशिश की जा रही है। कहीं भी कुछ भी यदि व्हाट्सएप या कोई मैसेज मेरे द्वारा की गई है तो मैं सजा भुगतने को तैयार हूं। मेरा किसी भी तरह से कोई भी हिंसा में प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से हाथ नहीं है और यदि कोई प्रमाण मिलता है तो मैं सजा भुगतने को तैयार हूं। रहमान ने कहा कि मैंने पहले वीडियो में कहा था कि रेल आप रोक सकते हैं। हमारे बच्चे रेल रोकने जा रहे थे। लेकिन उस भीड़ में और भी कई लोग थे और यदि मैं कुछ भी कहता तो अप्रिय घटना हो सकती थी। लेकिन मैंने हिंसा की कोई बात नहीं की थी।