मुजफ्फरपुर : शहर के प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि गली होते हुए कलमबाग चौक जाने वाली सड़क मानसून की पहली बारिश भी नहीं झेल सकी। निर्माण पूरा होने के महज दो माह बाद ही बारिश में सड़क का ऊपरी लेयर बह गया। सड़क की गिट्टी उखड़ने लगी है।

आमगोला रोड से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी गली में कदम रखते ही गड्ढे बनने लगे हैं। हनुमान मंदिर के पास भी गिट्टी उखड़ रही है। राज्य योजना मद से एक करोड़ रुपए की लागत से इस सड़क का निर्माण छह माह में ही पूरा करना था। लेकिन, ढाई साल में कंप्लीट हुई।
मामला सामने आने के बाद बुडको ने ठेकेदार का भुगतान रोक कर अविलंब मरम्मत करने का अल्टीमेटम दिया है। बुडको अधिकारी का कहना है कि कई वजहों से यह काम बहुत विलंब से पूरा हुआ। गिट्टी उखड़ने को लेकर ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाते हुए एक सप्ताह में दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया गया है।
सड़क दुरुस्त होने पर ही ठेकेदार को पेमेंट मिलेगा। यह सड़क दो महत्वपूर्ण इलाके कलमबाग और आमगोला को जोड़ती है। अघोरिया बाजार में ट्रैफिक जाम की स्थिति में लोग इसी सड़क से होकर सीधे कलमबाग चौक निकलते हैं। क्लब रोड, मिठनपुरा, हरिसभा इलाके के लोग अघोरिया बाजार चौक के भीषण जाम से बचने के लिए इस रोड से आते-जाते हैं।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने एक करोड़ की लागत से इसका टेंडर किया था। तत्कालीन नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने 22 सितंबर 2019 को शिलान्यास किया था। 6 माह में काम पूरा होना था, लेकिन निर्माण पूरा होने में ढाई साल लग गए। काफी मशक्कत के बाद दो माह पहले सड़क का काम पूरा हुआ। लेकिन, पहली बारिश भी सड़क नहीं झेल सकी।
