बगहा : इंडो नेपाल सीमा स्थित वाल्मीकिनगर के जल संसाधन विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को विगत पंद्रह माह से वेतन नहीं मिला है। लिहाजा दर्जनों कर्मियों ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय का घेराव किया और अपने पारिश्रमिक की मांग की है।
संविदा पर बहाल कर्मियों का कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जाता रहा और इसी बीच कार्यपालक अभियंता का तबादला भी हो गया। ऐसे में उनका वेतन कितने दिनों तक बाधित रहेगा जबकि परिवार के भरण पोषण की चिंता बढ़ गई है।
जल संसाधन विभाग के दैनिक वेतन भोगियों ने बताया कि कोरोना काल में सरकार लगातार सभी को वेतन देने की बात कर रही थी। उस विकट परिस्थिति में कई परिवारों के लोग बीमार पड़ गए। तब भी विभाग की तरफ से रोजा आश्वासन मिलता था।
एक-दो दिन करते-करते 15 माह बीत जाने के बाद भी वेतन नहीं मिला। अब लोग खाना खाने के लिए मोहताज हो गए हैं।
जल आपूर्ति कार्य से जुड़े कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से उनका पारिश्रमिक नहीं मिलने के कारण उनके सामने राशन पानी का संकट मंडराने लगा है और साथ ही उनके बच्चों की पढ़ाई लिखाई भी बाधित हो रही है।
