बिहार के अरवल जिले में बेखौफ अपराधियों ने दिन दहाड़े बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जिले के बेलखारा पंजाब नेशनल बैंक से अपराधियों ने पिस्टल के बल पर बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर लाखों रुपए लूट लिये। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

बताया गया है कि बैंक खुलते ही करीब 11 बजे बाइक सवार अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। अपराधी ग्राहक के रूप में बैंक में दाखिल हुए थे। उनकी संख्या पांच बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही शहरतेलपा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 12 लाख से ऊपर की राशि लुटेरे लेकर भागने में सफल हो गए हैं।

अपराधी बाइक से आए थे। बैंक के भीतर सभी पांच अपराधी पहंचे और मारपीट शुरू कर दिया। सभी कर्मियों को पिस्टल की नोक पर पहले बंधक बना लिया। मैनेजर ने कुछ विरोध किया तो उनकी जमकर पिटाई की। मैनेजर घायल हैं।

लूटेरों ने बैंक की सीसीटीवी का डीवीआर भी लूट लिया। इससे पहले सभी कर्मियों की मोबाइल भी छीन ली थी। भागते वक्त हवाई फायरिंग भी किया।

जिले के असिस्टैंट पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं। एएसपी ने बैंक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। कर्मियों और आसपास से लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिसल कार्रवाई कर रही है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर छापेमारी शुरू कर दी है।
