लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की ह’त्या, हा’थ बां’धकर चौ’थी मंजिल से नी’चे फें’का

उत्तर प्रदेश ; आगरा में एक महिला के हाथ बांधकर उसे अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। महिला एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोप है कि हमलावरों ने उस युवक की हत्या का भी प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, थाना ताजगंज के अंतर्गत ताजनगरी फेस-1 में ओमश्री अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर एक फ्लैट में रितिका और विपुल अग्रवाल लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। रितिका का अपने पति से और विपुल का अपनी पत्नी से तलाक का मुकदमा चल रहा है।

आज दोपहर करीब 12 बजे उनके फ्लैट पर तीन युवक और दो महिलाएं आए। थोड़ी देर बाद अपार्टमेंट के लोगों ने किसी भारी चीज के नीचे गिरने की आवाज सुनी। उन्होंने बाहर निकलकर देखा, तो सामने रितिका खून से लथपथ पड़ी थी। अपार्टमेंट निवासियों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर डिप्टी एसपी अर्चना सिंह और ताजगंज थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया।

पुलिस ने वारदात में शामिल दो महिलाओं सुनीता और सुशीला के साथ आकाश गौतम को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही विपुल को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। विपुल अग्रवाल ने बताया कि पांच लोग घर पर आए। दरवाजा खोलते ही अंदर घुस गए। उनमें से सिर्फ रितिका के पति आकाश गौतम को ही विपुल पहचानता था।

वह टूंडला का रहने वाला है। उन लोगों के आते ही विपुल और रितिका से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने रितिका को रस्सी से बांधा और उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसे नीचे फेंक दिया। विपुल ने बताया कि वे लोग मेरी भी हत्या करने वाले थे। मगर, मैंने खिड़की का शीशा तोड़कर शोर मचाया। लोगों के आने पर बड़ी मुश्किल से मेरी जान बची।

उसने पुलिस को बताया कि रितिका से मारपीट भी की गई थी। रितिका के चेहरे पर एक कट का निशान भी है। ऐसा लग रहा है कि उसके साथ पहले मारपीट की गई। फिर उसकी हत्या की गई। बाद में शव को नीचे फेंका गया। हालांकि, पुलिस इस मामले में अभी जांच करने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading