मुजफ्फरपुर : समाहरणालय सभा कक्ष में डीडीसी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित जिला तंबाकू नियंत्रण समन्वयक समिति की बैठक में जिले को धूम्रपान मुक्त घोषित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों द्वारा धूम्रपान मुक्त घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किया गया तथा डीडीसी द्वारा सम्पूर्ण जिले को धूम्रपान/तम्बाकू मुक्त बनाए रखने की अपील की गई। तम्बाकू नियंत्रण हेतु राज्य सरकार की तकनीकी सहयोगी संस्था सोशियो इकोनॉमिक एण्ड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाईटी (सीड्स) के कार्यपालक निदेशक दीपक मिश्रा ने बताया सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध के अनुपालन की बेहतर स्थिति पाए जाने पर जिलों को धूम्रपान मुक्त घोषित किया जाता है। अब तक राज्य के मुजफ्फरपुर सहित 23 जिलों को धूम्रपान मुक्त जिला घोषित किया जा चुका है।
डीएम द्वारा आज मुजफ्फरपुर को राज्य के 21 वें जिले के रुप में धूम्रपान मुक्त जिला घोषित किया गया है|। दीपक मिश्रा ने बताया कि इस साल के शुरुआत में राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार सरकार और सीड्स के द्वारा राज्य के 10 जिलों में तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा 2003) के अनुपालन का एक स्वतंत्रत एजेंसी से सर्वेक्षण करवाया गया था। उक्त अनुपालन सर्वेक्षण में धूम्रपान मुक्त के तय मानकों के आधार पर मुजफरपुर सहित राज्य के 4 जिलों को धूम्रपान मुक्त जिला घोषित करने निर्णय किया गया। मुजफ्फरपुर जिले में कोटपा की धारा 4 का अनुपालन प्रतिशत 90% से अधिक पाया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीडीसी आशुतोष द्विवेदी ने समस्त जिला वासियों से अपील करते हुए कहा की धूम्रपान के बाद अब हमलोगों को जिले को तम्बाकू मुक्त जिला बनाने की मुहिम शुरू करनी है, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। जिला पदाधिकारी ने तम्बाकू नियंत्रण हेतु जिले में गठित त्रिस्तरीय छापामार दस्ते के सभी सदस्यों को शैक्षणिक संस्थानों के सौ गज के दायरे में अवस्थित सभी तम्बाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों को हटवाते हुए नियमित रूप से छापामारी करने का निर्देश दिया।
मुजफ्फरपुर को स्मोक फ्री जिला घोषित करते हुए डीडीसी ने कहा कि जिला को धूम्रपान मुक्त जिला घोषित करते हुए मुझे काफी प्रसन्नता हो रही है। इस कार्य के लिए डीडीसी द्वारा जिले के सभी नागरिक, शैक्षणिक संस्थानों, सहयोगी संस्था सीड्स, जिले के तमाम मीडियाकर्मी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारी, पुलिस विभाग के सभी पदाधिकारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब हमारा अगला अभियान मुजफ्फरपुर जिले को तंबाकू मुक्त जिला बनाने का होगा।

डीडीसी ने मुजफ्फरपुर को धूम्रपान मुक्त जिला घोषित करते हुए कहा कि जिले में 2018 से यह अभियान चलाया जा रहा है। धूम्रपान करना एक खतरनाक आदत है। जहां छोटे-छोटे बच्चे हैं वहां तो स्थिति और भी अधिक नाजुक बन जाती है। तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को अभियान के रूप में चलाए जाने के काफी अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
सभी स्तर पर तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा है। अब सार्वजनिक स्थलों यथा सिनेमा हॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक सड़क, शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों सहित अन्य स्थानों पर धूम्रपान करना दंडनीय अपराध होगा। डीडीसी ने कहा कि इस अभियान को सफल करने के लिए और अधिक प्रयास करनी होगी। समाज के आम लोगों के बीच जाकर तंबाकू के सेवन पर पूर्ण नियंत्रण लगाने हेतु कार्य करने होंगे। लोगों को तंबाकू का सेवन नहीं करने हेतु प्रेरित एवं जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कोविड-19 से लड़ रहे हैं उसी प्रकार हमें तंबाकू को समाप्त करने हेतु लड़ाई लड़नी होगी। कार्यक्रम के प्रारंभ में सिविल सर्जन ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। तम्बाकू नियंत्रण के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ शिवशंकर ने जिले में की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ उमेशचंद्र शर्मा, डीपीआरओ कमल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, एनसीडी सेल के वित्तीय सह लाजिस्टिक सलाहकार प्रिंस कुमार, सीड्स के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार झा, नरेन्द्र कुमार शाही, जिला स्वास्थ्य समिति के कार्यक्रम प्रबंधक बीपी वर्मा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित थाना अध्यक्ष उपस्थित थे।
