बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में जल्द 38 दिन तक शूटिंग करेंगे। उनकी आने वाली फिल्म ‘महान : द ग्रेट मैन’ की शूटिंग के लिए देहरादून पहुँच कर टीम ने रविवार को लोकेशन की तलाश की।

बता दें कि पहले अमिताभ की तमिल फिल्म का नाम ‘उयारनधा मनिधन’ रखने की चर्चा थी। वहीं अब लोकेशन तलाशने आई टीम ने नए नाम का खुलासा कर दिया है।लेकिन सूत्रों के अनुसार अभी इस नाम पर भी अंतिम मुहर नहीं लगी है। पर्पल बुल एंटरटेनमेंट की तकनीकी और प्रोडक्शन टीम ने उनकी आने वाली फिल्म ‘महान’ की शूटिंग के लिए देहरादून और अन्य जिलों में सर्वेक्षण किया।
निर्माता प्रकाश भट्ट ने मालदेवता, रानीपोखरी, कैंप्टीफॉल, थानो और मसूरी सहित कई जगहों का सर्वे किया। शूटिंग की जगह के मानदंड पूछे जाने पर प्रकाश भट्ट ने कहा कि हमारी टीम को उत्तराखंड की कुछ लोकेशन पसंद आई है।

हम राज्य में फ़िल्म की शूटिंग के लिए उत्साहित हैं। हमारी तकनीकी टीम प्रोडक्शन व्यवहार्यता को देखने के लिए चुने गए स्थानों को स्कैन करेगी। भट्ट ने एसजे सूर्या, निर्देशक टी तमिलवन और सुजय शंकरवार के साथ मिलकर शूटिंग के लिए सर्वेक्षण किया। फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य किरदार निभाएंगे। हाल ही में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रकाश भट्ट से मुलाकात भी की थी। इस दौरान उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। उनकी ये मुलाकात उत्तराखंड में बेहतर फिल्म शूटिंग के लिजाज से काफी अहम थी।
