भागलपुर जिले के सुल्तानगंज-खगड़िया अगुवानी पुल के अप्रोच पथ का सुल्तानगंज में निर्माण कार्य शुरू होने पर पुल निगम के कर्मियों और अधिकारियों को रैयत किसानों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।

दरअसल, रैयत किसान अप्रोच पथ के लिए जमीन समतलीकरण का कार्य शुरू होता देख जमीन अधिग्रहण के एवज में मुआवजे की मांग करने लगे। उन लोगों का कहना था कि पुल निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा उनकी जमीन तो अधिग्रहण कर ली गई, लेकिन इसके एवज में अब तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया है।

जमीन समतलीकरण कार्य बंद करा दिया
पूरा मामला सुल्तानगंज के कासीमपुर वार्ड संख्या 8 के पास का है, जहां ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर अप्रोच पथ के लिए में हो रहे जमीन समतलीकरण कार्य बंद करा दिया। इसकी सूचना मिलने पर डीसीएलआर गिरिजेश कुमार, सीओ शंभू शरण राय, बीडीओ मनोज कुमार मुर्मू, थानाध्यक्ष लाल बहादुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

इस दौरान ग्रामीणों को काफी समझाया बुझाया गया, लेकिन वे लोग मुआवजा की मांग पर अड़े थे। इस बीच ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश के बीच हालात काफी तनावपूर्ण हो गया और विरोध कर रहे ग्रामीणों द्वारा पत्थरबाजी की जाने लगी, जिसमें बीएमपी का एक जवान श्याम चरण सिर में चोट लगने से घायल हो गया।

आक्रोशित किसानों पर किया गया लाठीचार्ज
वहीं, बिगड़ते हालात पर काबू पाने के लिए जवानों द्वारा आक्रोशित रैयत किसानों पर लाठी चार्ज भी किया गया। इस घटना में दर्जनों ग्रामीण घायल हो गए। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस द्वारा गांव में घर घुस कर वृद्ध तथा महिलाओं को लाठी से बेरहमी से पीटा गया। उन लोगों ने बताया कि कुछ ग्रामीणों द्वारा मोबाइल से वीडियो बनाने के दौरान आधा दर्जन ग्रामीणों का मोबाइल भी छीन कर रख लिया गया। वहीं, कुछ के मोबाइल को चकनाचूर कर दिया गया है।

घायल जवान ने सुनाई आपबीती
इधर, घायल बीएमपी जवान श्याम चरण ने बताया कि अगुवानी पुल के अप्रोच पथ का निर्माण कार्य बंद करा रहे रैयत किसानों को हटाने गए थे, जिसके बाद उन लोगों द्वारा पथराव किया जाने लगा, जिसमें सिर में पत्थर लगने से वह घायल हो गए। वहीं, इस घटना में सुल्तानगंज-खगड़िया अगुवानी पुल का निर्माण कार्य कर रही कंपनी एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन का एक पोकलेन मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

इस घटना के बाद स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन को घटना की जानकारी दे दी गई है। घटना के बाद से पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में दिख रहा है और पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।