
BAKHTIYARPUR : नशा मुक्त हो बिहार अभियान के अंतर्गत मंजू देवी प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल बखितयारपुर के प्रांगण में संकल्प सभा का आयोजन किया गया. जिसका उद्घाटन बिहार सैन्य पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने दिप प्रज्वलित कर किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक,चारित्रिक पतन की ओर ले जाता है. हमे जीवन मे नशा को ना कहना होगा. उन्होंने छात्र-छात्राओं, युवाओं से अपील किया कि देश में आपकी आबादी पचासी प्रतिशत है। इस मुहीम में देश के नौजवानो को बढ़-चढ़ कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे और बिहार से नशा को मिटा देने का संकल्प लें. हमे मिलकर देश से नशाखोरी को जड़ से मिटाना होगा.

राज्य सरकार द्वारा बिहार में शराब बंदी कर बहुत ही कठोर कदम उठाया गया है. जनभागीदारी की जन सहभागिता के बिना कोई भी अभियान सफल नही हो सकता है. उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि जिस तरह से हमारे किशोर, नौजवान नशे के जाल में फंसते जा रहे है यह अत्यंत ही दुखद है. समारोह में श्री पाण्डेय ने नशे से होनेवाली हानियों के बारे में उपस्थित लोगो को अवगत कराया और हर तरह के नशे से दूर रहने की अपील की.

श्री पाण्डेय ने कहा ही ईश्वर ने हमें दो अनमोल चीजे दी है, मन और बुद्धि. बुद्धि ही हमें सही और गलत का ज्ञान देती है. नशा करने से बुद्धि भ्रष्ट हो जाती है जिससे इंसान का नैतिक और चारित्रिक पतन हो जाता है. नशा करने से इंसान और जानवरों में कोई अंतर नहीं रह जाता क्योंकि नशा करने से व्यक्ति की सोचने-समझने की शक्ति खत्म हो जाती है, अच्छे-बुरे में पहचान करने की क्षमता क्षीण हो जाती है.
स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार ने किया. मौके पर ग्रामीण एस पी आंनद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक लिपी सिंह, प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक गांधीवादी प्रेम जी समेत भारी संख्या में लोगो ने भाग लिया. शराब जैसे सामाजिक बुराई के विरोध में डीजी गुप्तेश्वर पांडेय ने मुहिम छेड़ी है इससे एक बार फिर आईपीएस अफसर गुप्तेश्वर पांडेय लोगों के बीच छा गये हैं और बिहार के तमाम बुद्धिजीवी समेत तमाम जनता इस कार्य के लिए बधाई दे रहे हैं.
