भोजपुर जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र के सहियारा बाजार पर मंगलवार की सुबह स्विफ्ट डिजायर ने स्कूल जा रही एक बच्ची को रौंद दिया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। वहीं घटना के बाद मृत बच्ची के परिजन व आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे एवं उक्त चालक की गिरफ्तारी को लेकर सड़क जाम कर दिया।

सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही तथा आवागमन करीब दो घंटे तक बाधित रहा। वहीं सड़क जाम की सूचना पाकर इमादपुर थाना इंचार्ज अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने बुझाने लगे। पुलिस के काफी मशक्कत करने के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया गया।

इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वही दूसरी ओर पुलिस ने उक्त चालक को गिरफ्तार कर स्विफ्ट डिजायर कार को भी जप्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मृत बच्ची धीरज साह की 10 वर्षीया पुत्री अंतिम कुमारी है। इधर मृत बच्ची के पिता धीरज साह ने बताया कि वह आज सुबह पैदल स्कूल जा रही थी। उसी दौरान अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कर ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इसके बाद स्थानीय लोगो ने इसकी सूचना मृत बच्ची के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मृत बच्ची के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। घटना के बाद मृत बच्ची के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृत बच्ची के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

