पटना : एक कैंपस के अंदर परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। घर के बाहरी कैंपस में दो पक्षों के बीच कहासुनी से लेकर हाथापाई तक हुई। कुछ लोग बीच-बचाव में भी जुटे थे। मगर, उसी बीच एक युवक घर के छत पर आता है और नीचे की तरफ राइफल तान देता है। वो गोली चलाने की धमकी भी देता है। पर कुछ सेकेंड बाद राइफल लेकर चला जाता है।

इस मामले में 49 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। जिसके बाद पड़ताल करने पर पता चला कि दो पक्षों के बीच का यह मामला करीब 4 से 5 महीना पुराना है। मगर, इसका छत से निशाना साधते हुए राइफल तानने का वीडियो अब सामने आया है। जो वायरल हो रहा है।

पड़ताल के बाद पता चला कि यह वीडियो बक्सर जिले के तहत ब्रह्मपुर थाना के जयपुर गांव का है। सूत्रों के अनुसार राइफल तानने वाले युवक की पहचान सत्य नारायण पांडेय के बेटे पप्पू पांडेय के रूप में हुई है। वीडियो में जो राइफल इनके हाथ में दिखी वो लाइसेंसी बताई गई है। जो इनके चाचा सत्येंद्र पांडेय के नाम पर है।

सूत्र बताते हैं कि 35 से 40 बीघा खेती की जमीन और पैतृक ज्चेलरी को लेकर सत्येंद्र पांडेय का अपने ही चचेरे भाई के साथ विवाद चल रहा है। इसी विवाद के तहत दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था।

हालांकि, इस मामले में दूसरे पक्ष ने भी पुलिस से कोई शिकायत उस दौरान नहीं की थी। अभी भी पुलिस इस मामले से अनजान है।

