कई तरह के राजनीतिक विवादों का सामना करने के बाद बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर की फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ आखिरकार अपनी तय तारीख पर ही रिलीज हो रही है। यह फिल्म देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के कार्यकाल पर आधारित है। रिलीज के साथ ही अब ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के कलेक्शन को लेकर भी चर्चा हो रही है। ऐसे में ट्रेड एनालिस्ट्स का मनाना है कि ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ को उससे जुड़े विवादों का काफी फायदा मिल सकता है। विवादों में आने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म को देखने का उत्साह बढ़ा है। ऐसे में फिल्म के कलेक्शन पर भी अच्छा असर देखने को मिल सकता है।

फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के साथ विक्की कैशल की फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक और रजनीकांत की फिल्म पेट्टा भी रिलीज हो रही है। ट्रेड एनालिस्ट गिरीश जौहर के अनुसार रजनीकांत की फिल्म पेट्टा का हिंदी भाषी सिनेमाघरों में कुछ खास असर नहीं दिखेगा। वहीं अगर विक्की कौशल की फिल्म उरी कुछ खास कमाल नहीं कर पाती है तो अनुपम खेर की फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ को इसका पूरा फायदा मिल सकता है।

ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ अपने पहले दिन 3 से 4 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर सकती है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के कार्यकाल पर आधारित इस फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद कई राजनीतिक पार्टियां इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रही हैं। वहीं कांग्रेस ने ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ को बीजेपी का एजेंडा बताया।आपको बता दें कि फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में फिल्म में अनुपम खेर के अलावा अक्षय खन्ना संजय बारू के अहम किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म को विजय रत्नाकर गुट्टे ने निर्देशित किया है। फिल्म में बड़े-बड़े दिग्गजों राजनीतिक नेताओं के रोल के लिए देश-विदेश से कलाकारों को इकट्ठा किया है।
